विधानपरिषद चुनाव के बाद कांग्रेस संगठन में फेरबदल के आसार

पुणे समाचार ऑनलाइन

दूसरे चुनावों की भांति विधानपरिषद की पहके 6 बाद में चार सीटों पर हुए चुनाव में मिली नाकामी के चलते महाराष्ट्र में जमीनी स्तर पर कांग्रेस का संगठन कमजोर साबित रहा है। अब पुनः विधानपरिषद की 11 सीटों के लिए चुनाव घोषित हुए हैं। इसमें कांग्रेस को दो सीटें मिलने की उम्मीद है। इस चुनाव के बाद आगामी लोकसभा, विधानसभा चुनाव की तैयारियों की कड़ी में पार्टी के प्रदेश संगठन में फेरबदल के संकेत मिले हैं।

हाल ही में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव मल्लिकार्जुन खड़गे को महाराष्ट्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी अध्यक्षता में दिल्ली में बीते दिन महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं की अहम बैठक संपन्न हुई।इस बैठक में खड़गे ने मुंबई और महाराष्ट्र के नेताओं से राज्य में कांग्रेस की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही आने वाले चुनाव में कांग्रेस को जीत कैसे दिलाई जा सकती है? इस बारे में नेताओं से सुझाव मांगे।

नए प्रभारी मल्लिकार्जुन खडगे ने बैठक में मौजूद सभी नेताओं को मिलकर काम करने की पुरानी नसीहत दी। साथ ही यह अपील भी की कि, सभी नेता मिलजुल कर काम करें और 2019 के चुनाव में कांग्रेस को सत्ता में वापस लाएं। कहा यह भी जा रहा है कि, विधान परिषद के 16 जुलाई को होने वाले चुनाव के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस संगठन में बड़े पैमाने पर फेरबदल हो सकता है, ऐसे संकेत भी इस बैठक में मिले हैं।

इस बैठक में राष्ट्रवादी कांग्रेस व कांग्रेस के बीच आगामी गठबंधन को लेकर भी चर्चा हुई। महाराष्ट्र के नेताओं ने गठबंधन के बारे में शीघ्र फैसले की मांग की और यह भी कहा कि, गठबंधन का प्रारूप तय किया जाए, ताकि चुनाव की तैयारियां शुरू की जा सके। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक चव्हाण, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, पूर्व विधायक नसीम खान, माणिकराव ठाकरे, राजीव सातव भी शामिल थे।

इस बैठक में मुंबई कांग्रेस के दो बड़े नेता गुरुदास कामत और मिलिंद देवड़ा के मौजूद न रहने को लेकर पार्टी के खेमे में अलग-अलग चर्चा शुरू हो गई है। बहरहाल महाराष्ट्र कांग्रेस के नए प्रभारी मल्लिकार्जुन 8 जुलाई को मुंबई और महाराष्ट्र के दौरे पर आ रहे हैं। 8 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ मुलाकात करेंगे और कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे और 9 जुलाई को मुंबई कांग्रेस के नेताओं के साथ अलग से बैठक होगी।