शिवप्रेमी एड गजेंद्र दांगट पर जानलेवा हमला; हालत गंभीर

अहमदनगर। पुणे समाचार ऑनलाइन

पुराने विवाद के चलते शिवसम्मान मोर्चा के आयोजन में अहम भूमिका निभानेवाले शिवप्रेमी एड गजेंद्र दांगट पर बीती रात साढ़े सात बजे के करीब जानलेवा हमला किया गया। अहमदनगर के पावन हनुमान मंदिर के सामने यह वारदात हुई जिसमें घायल दांगट की हालत नाजुक बताई जा रही है। इस वारदात के बाद दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस बारे में दोनों ही गुटों ने कोतवाली थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

एड दांगट ने शिवसम्मान मोर्चा के आयोजन में अहम भूमिका निभाई है। श्रीपाद छिंदम ने जब आपत्ति जनक बयान दिया था तब उनके ऑफिस में तोड़फोड़ में भी वे आगे थे। उनके खिलाफ अहमदनगर के तोफखाना पुलिस थाने में मामला दर्ज है। छिंदम के खिलाफ कानूनी लड़ाई भी वे लड़ रहे थे। उनपर हुए जानलेवा हमले की हर स्तर पर निंदा की जा रही है। इस हमले के बाद कोतवाली थाने में परस्पर विरोधी मामले दर्ज किये गए हैं।

अजय राजु वाडेकर (27) निवासी नालेगांव, अमरधाम, अहमदनगर की शिकायत के अनुसार बाबासाहेब मुदगल, भिमराज मुदगल, देविदास मुदगल, सर्वार्थ मुदगल, अमर मुदगल, संगिता मुदगल, सुनिता मुदगल, मथुरा मुदगल, सचिन मुदगल, दत्‍ता मुदगल, भाऊ मुदगल, महेश मुदगल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 397, 307, आर्म अ‍ॅक्ट 4/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं भिम एकनाथ मुदगल (68) निवासी गाडगील मैदान, नालेगांव, अहमदनगर की शिकायत के आधार पर गजेंद्र नानाजी दांगट, अजय वाडेकर, अमोल वाडेकर, विजय कैलास बुगे, बाबु राजु रोहकले, गौरव नानाजी दांगट के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 326, 323, 504, 506, 143, 147, 148, 149 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वाडेकर की शिकायत के अनुसार, दत्ता मुग्दल की पत्नी सुनीता नगरसेविका है। वाडेकर, मुग्दल और दांगट के बीच पुराना विवाद है। शनिवार की रात साढ़े सात बजे वाडेकर मोटरसाइकिल से एड दांगट के दफ्तर जा रहे थे तब पावन हनुमान मंदिर के सामने मुग्दल परिवार ने उनका रास्ता रोका। हाथों में तलवार आदि हथियार लिये उन्होंने वाडेकर पर हमला कर दिया। उनकी चीख पुकार सुनकर एड गजेंद्र दांगट, अनमोल वाडेकर, बाबासाहेब रोहकले आदि वहां दौड़े चले आए। तब देवीदास ने दांगट पर तलवार से वार किया। इसके बाद उन सभी ने उनपर हमला कर दिया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका अस्पताल में इलाज जारी है जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है। भीम मुग्दल की शिकायत के अनुसार भीम रोज पावन हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए जाते हैं। शनिवार को वे हमेशा की तरह अपनी पोती साक्षी के साथ मंदिर गए थे। तब बाहर गाडगिल मैदान में बेंच पर बैठे गजेंद्र दांगट, वाडेकर, बुगे, रोहकले, गौरव दांगट ने पुराने विवाद के चलते उनसे गालीगलौज की। जब उन्होंने इसका विरोध किया तब उन्होंने भीम के सिर पर बैट दे मारी। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।