राजस्थान में कांग्रेस का ‘जन घोषणापत्र’ जारी, इन पर है फोकस

जयपुर : समाचार ऑनलाइन – राजस्थान विधानसभाव चुनाव के लिए भाजपा के बाद कांग्रेस ने भी आज अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। कांग्रेस ने इसका नाम ‘जन घोषणापत्र’ रखा है। घोषणा पत्र में पार्टी का सबसे ज्यादा फोकस किसानों पर है। इसके साथ ही पार्टी ने रोजगार को लेकर भी तमाम वादे किए हैं। साथ ही लड़कियों को मुफ्त शिक्षा की बात भी कही गई है। कांग्रेस का घोषणा पत्र राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जारी किया। इस मौके पर सचिन पायलट ने कहा किहमारी सरकार बनी तो हम 3500 रुपए बेरोजगारी भत्ता देंगे, युवाओं को आसानी से ऋण उपलब्ध कराएंगे और किसानों का कर्जा माफ करेंगे इसके साथ ही महिलाओं को निशुल्क शिक्षा देंगे।

कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में वादा किया है कि कृषि उपकरणों को जीएसटी से बाहर किया जाएगा इसके अलावा बुजुर्ग किसानों को पेंशन की सुविधा भी दी जाएगी। रोजगार के लिए कम दर पर ऋण की व्यवस्था की जाएगी। घोषणा पत्र जारी करते हुए कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि भाजपा को आभास हो गया है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। इसलिए उसके नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।

बतादें इससे पहले भाजपा ने अपने घोषणापत्र को ‘गौरव संकल्प पत्र—2018 नाम दिया था। भाजपा ने इस घोषणा पत्र में वसुंधरा सरकार के 5 साल के कार्यकाल का ब्योरा भी दिया है। पार्टी का दावा है कि उसने 95 प्रतिशत वादों को पूरा किया है।