नगरसेवक की सतर्कता से रेलवे की पेड़ कटाई रुकी

पिंपरी। समाचार ऑनलाइन – बीते कुछ दिनों से पिंपरी चिंचवड शहर में पेड़ों की अवैध कटाई का मुद्दा गूंज रहा है। हाल ही में मनपा ने पेड़ों की कटाई की अनुमति देने के नियमों में भी बदलाव किए हैं। इसके बावजूद अवैध कटाई थमने का नाम नहीं ले रही। अब तो खुद रेलवे द्वारा पेड़ों की अवैध कटाई किए जाने का मामला सामने आया है। चिंचवड स्टेशन परिसर में जारी पेड़ कटाई के बारे में पता चलते ही नवरसेवक शीतल उर्फ विजय शिंदे ने मौके पर पहुंचकर कटाई रोकी। इस दौरान रेलवे कर्मियों और उनके साथ विवाद भी हुआ, मगर बाद में रेलवे ने कटाई रोक दी। हालांकि तब तक 15 पेड़ काट दिए गए थे।

रेलवे द्वारा चिंचवड स्टेशन में प्लेटफार्म विस्तारीकरण का काम किया जा रहा है। इसके लिए स्टेशन के बगल में रेलवे की सीमा में रहे पेड़ों को काटा जा रहा है। इसके लिए मनपा से कोई अनुमति नहीं लिए जाने की बात भी सामने आई है। इस बारे में पता चलते ही भाजपा के स्थानीय नगरसेवक और मनपा की वृक्ष प्राधिकरण समिति के सदस्य शीतल शिंदे अपने कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों को पेड़ काटने से रोका। रेलवे का कहना था कि उसकी अपनी सीमा में मनपा से अनुमति लेने की जरूरत नहीं। जबकि बिना अनुमति पेड़ कटाई नहीं करने देने की भूमिका पर शिंदे अडिग रहे।

पिंपरी-चिचवड़ मनपा के 30 स्कूलों में खेलने का मैदान नहीं, पीटी शिक्षक से भी महरुम

इस पर दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ।इस बीच लोगों की भीड़ यहां जमा हो गई और लोग भी नगरसेवक शिंदे के साथ हो गए। सभी ने रेलवे अधिकारियों को पेड़ काटने की भूमिका पर आपत्ति जताई। शिंदे ने पेड़ मनपा की सीमा में रहने से मनपा की अनुमति के बिना उनकी कटाई नहीं की जा सकती, यह भूमिका अपनाई। आखिरकार रेलवे ने पेड़ों की अवैध कटाई रोक दी। हालांकि तब तक 15 पेड़ काट दिए जा चुके थे। इस बारे में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए नगरसेवक शीतल शिंदे ने  रेलवे के अड़ियल रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई।