कांग्रेस की नज़र में पीएम मोदी की हत्या की साजिश महज सहानभूति स्टंट

कांग्रेस की नज़र में पीएम मोदी की हत्या की साजिश महज सहानभूति स्टंट

मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माओवादियों के निशाने पर होने की खबर को कांग्रेस ने सहानभूति स्टंट करार दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजय निरुपम ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तरह मोदी की हत्या की साजिश की प्रमाणिकता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह सहानुभूति बटोरने की नरेंद्र मोदी की पुरानी चाल है। जब लोकप्रियता गिरती है, तो हत्या की साजिश की खबर प्लांट कराई जाती है। लिहाजा इसकी हकीकत सामने लाने के लिए मामले की जांच की जानी चाहिए। मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरुपम ने कहा, “मैं नहीं कहता हूं कि यह पूरी तरह से झूठ है, लेकिन यह पीएम मोदी की पुरानी रणनीति रही है। मुख्यमंत्री रहने के दौरान भी वो ऐसी ही टैक्टिस अपनाते रहे हैं। जब उनकी लोकप्रियता में गिरावट आती है, तो हत्या की साजिश की खबर प्लांट करा देते हैं। लिहाजा इसकी जांच होनी चाहिए कि यह कहां तक सच है”। निरुपम के इस बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। कांग्रेस को नसीहत देते हुए केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि पीएम मोदी की हत्या की साजिश के मसले पर कांग्रेस को राजनीति बंद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभ्य समाज में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। देश की जनता का आशीर्वाद प्रधानमंत्री के साथ है, उन्हें कुछ नहीं होगा।

राजद भी कांग्रेस के साथ  
संजय निरुपम के बयान से पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने भी कहा कि पीएम मोदी की लोकप्रियता का ग्राफ तेजी से गिर रहा है, जिसके चलते उनको माओवादी से खतरे की खबर को प्लांट किया गया है, ताकि सहानुभूति और वोट हासिल की जा सके। इसके बाद कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि आतंकवाद, नक्सलवाद और उग्रवाद कतई स्वीकार नहीं हैं। कांग्रेस से बेहतर इनको कोई नहीं जानता है,जिसने महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के अलावा एस बेअंत सिंह और नंद कुमार पटेल समेत अन्य नेताओं को खोया है। राजनीति से ऊपर उठकर इस मामले की निष्पक्ष जांच करना समय की जरूर है।