ग्रेड सेपरेटर में फिर फंसा कंटेनर

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – पिंपरी मोरवाडी चौक स्थित अहिल्यादेवी होलकर ग्रेड सेपरेटर में सोमवार की दोपहर तीन बजे फिर एक कंटेनर फंस गया। इससे पुणे- मुंबई महामार्ग पर ग्रेड सेपरेटर में पुणे जानेवाली लेन पर चक्का जाम हो गया। फंसे हुए कंटेनर को हटाकर ट्रैफिक सुचारू बनाने में ट्रैफिक पुलिस को घँटों मशक्कत करनी पड़ी।
ट्रैफिक पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आज दोपहर मुंबई से पुणे की दिशा में जा रहा एक कंटेनर पिंपरी मोरवाडी के अहिल्यादेवी होलकर ग्रेड सेपरेटर में फंस गया। कंटेनर की ऊंचाई ग्रेड सेपरेटर से ज्यादा रहने के कारण यह कंटेनर फंस गया था। नतीजन उसके पीछे वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसकी खबर मिलते ही ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
पुणे- मुंबई महामार्ग के सर्विस रोड पर मेट्रो का निर्माण कार्य शुरू है। सर्विस रोड संकरी होने से ग्रेड सेपरेटर में जाम लगे रहने का असर पुणे जानेवाली लेन की यातायात पर नजर आया। ट्रैफिक पुलिस ने महामार्ग पर पुणे लेन की यातायात कीज होटल के सामने से सर्विस रोड पर मोड़ दी और ग्रेड सेपरेटर में फंसे कंटेनर को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। घँटों की मशक्कत के बाद यहां की ट्रैफिक सुचारू बनाने में पुलिस को सफलता प्राप्त हुई।