चंद्रपुर में गाय का उत्पात, 7 को किया घायल

चंद्रपुर | समाचार ऑनलाइन

सीधी-सादी नज़र आने वाली गाय का मूड यदि बिगड़ जाए, तो फिर उसे काबू में करना मुश्किल हो जाता है। चंद्रपुर के भानापेठ इलाके में शनिवार को एक गाय ने 9 लोगों पर हमला बोला, जिसमें से 7 गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। शहर का ये इलाका घनी आबादी वाला है, यहां घूम रही एक गाय अचानक से उग्र हो गई और एक के बाद एक 9 लोगों को उसने अपना शिकार बनाया। गाय से बचने के लिए जिसे जहाँ जगह मिली वो वहीं छिप गया।

इस बीच, स्थानीय लोगों ने महानगर पालिका को इसकी सूचना दी, तब कहीं जाकर गाय को काबू किया जा सका। हालांकि इस काम में मनपा कर्मियों के भी पसीने छूट गए। गाय को पकड़ने के लिए रस्सी के फंदे बनाये गए और गाये के गले में फेंके गए, कई प्रयास के बाद आख़िरकार मनपा कर्मियों को इसमें सफलता मिली। गाय के हमले में दो मनपा कर्मी भी घायल हुए हैं।