एंबी वैली में जाल में फंसने से एक तेंदुए की मौत 

मावल : समाचार ऑनलाइन – मावल तहसील के एंबी वैली में शिकारी द्वारा लगाए गए जाल में फंस कर एक तेंदुए की मौत होने की खबर सामने आई है। प्राथमिक रूप से यह संभावना जताई जा रही है कि शिकारी द्वारा लगाए गए जाल से छूटने के लिए तेंदुए द्वारा किए गए प्रयास में वह जख्मी हो गया और उसके बाद उसकी मौत हो गई। यह जानकारी वन विभाग की रेंज अधिकारी अंकिता तरडे ने दी।

मावल तहसील के एंबी वैली के पास विसाघर में सरपंच और पुलिस पाटिल ने वन विभाग को रात साढ़े 8 बजे फोन पर इसकी जानकारी दी। बताया गया कि गांव के पास तेंदुए की तेज आवाज आ रही थी। यह जानकारी मिलने पर वन विभाग की रेंज अधिकारी अंकिता तरडे व उनके सहकर्मी पौड कार्यालय से निकले। रात करीब साढ़े 11 बजे वे घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन तक तब तेंदुए की मौत हो चुकी थी।

रविवार की सुबह ग्रामीण, सहारा एंबी वैली कर्मचारी और वन विभाग के कर्मचारी तेंदुए का शव गांव में लेकर आए। पशु चिकित्सक को बुलाया गया। तेंदुए का पोस्टमार्टम किया गया। इस संबंध में अंकिता तरडे ने बताया कि तेंदुए के शरीर में पीछे की तरफ तार फंस गया था जिसे छुड़ाने का उसने काफी प्रयास किया। उसके शरीर से निकाला खून आसपास नजर आ रहा है। रात होने के कारण डर की वजह से लोग पास जाकर नहीं देखा, नहीं तो उसे बचा लिया जाता।