पुणे जिले में कोरोना से मरनेवालों की संख्या 12 हजार पार

24 घँटे में 148 मौतें दर्ज; नए से सामने आए 9989 मामले
पुणे। महामारी कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच पुणे जिले में इस बीमारी की चपेट में आकर मरनेवालों का आंकड़ा 12 हजार पार कर गया है। बीते 24 घँटे के भीतर 9989 मरीज मिले हैं। राहत की बात यह है कि इन 24 घँटों में 8853 लोग कोरोना मुक्त होकर अस्पताल से घर लौट गए हैं। हालांकि गुजरे 24 घँटे के भीतर जिले में 148 मौतें दर्ज हुई हैं। जिले में रविवार को कोरोना के संक्रमितों का आंकड़ा 7 लाख 82 हजार 983 तक पहुंच गया है, जिसमें से 6 लाख 68 हजार 728 मरीज अस्पताल से घर लौट गए हैं। जिले के अस्पतालों में एक लाख 1 हजार 190 मरीजों का इलाज जारी है।
पुणे के संभागीय आयुक्त सौरभ राव के अनुसार, पुणे जिले में अब तक 12 हजार 75 मरीजों की मौत दर्ज हुई है। जिले में कोरोना से मृत्यु का प्रमाण 1.54 फीसदी और रिकवरी रेट 85.41 फीसद दर्ज हुआ है। बात करें पुणे संभाग (पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर) की तो पूरे संभाग में अब तक 63 लाख 49 हजार 690 लोगों की कोरोना टेस्ट की गई जिसमें से 10 लाख 93 हजार 545 लोग संक्रमित पाए गए हैं। अब तक उनमें से 9 लाख 22 हजार 740 मरीजों ने कोरोना मुक्त हुए हैं। संभाग में फिलहाल एक लाख 49 हजार 954 मरीजों का इलाज जारी है। जबकि अब तक 20 हजार 851 मरीजों की मौत दर्ज हुई है।
पुणे संभाग में 15, 366 नए मामले
पुणे संभाग का रिकवरी रेट 84.38 फीसदी व डेथ रेट 1.91 फीसदी दर्ज हुआ है। पूरे संभाग में बीते 24 घँटे के भीतर कोरोना के 15 हजार 366 नए मरीज मिले हैं। इसमें अकेले पुणे जिले के 9989 मरीज शामिल है। इसके अलावा सातारा में 1695, सोलापुर में 1723, सांगली में 1175 और कोल्हापुर जिले में 784 नए संक्रमित मरीजों का समावेश है। राहत की बात है कि संभाग में आज कुल 11 हजार 929 संक्रमित कोरोना मुक्त हुए हैं। इसमें पुणे जिले के 8853, सातारा जिले के 1003, सोलापुर जिले के 1074, सांगली जिले के 642 और कोल्हापुर जिले के 357 मरीज शामिल हैं।
पुणे संभाग के अन्य जिलों की हालोहवा
सातारा जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 91 हजार 687 हो गया है। इसमें से 72 हजार 426 मरीज इलाज के बाद घर लौट गए हैं जबकि 2147 मरीजों की मौत हो गई है। फिलहाल 17 हजार 114 मरीजों का इलाज जारी है। सोलापुर जिले में मरीजों की संख्या आज 88 हजार 821 हो गई है। इसमें से 73 हजार 274 को अस्पतालों से डिस्चार्ज मिल गया है जबकि 2520 की मौत हो चुकी है। जिले के अस्पतालों में फिलहाल 13 हजार 27 पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी है। सांगली जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 68 हजार 41 हो गया है। इसमें से 54 हजार 961 मरीज स्वस्थ हो चूके हैं। जबकि 2070 मरीजों की मौत हो चुकी है। जिले में अभी 11 हजार 10 मरीजों का इलाज जारी है। कोल्हापुर में 62 हजार 3 संक्रमितों में 2039 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां अब तक 53 हजार 351 मरीज अस्पताल से घर लौट चुके हैं। अभी 6613 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।