कालिख पोतने के खिलाफ मनपा कर्मचारियों का धरना- प्रदर्शन

पिंपरी। पुणे समाचार ऑनलाइन

पानी की किल्लत से त्रस्त लोगों के आक्रोश का सामना करने पर विवश राष्ट्रवादी कांग्रेस के नगरसेवक जावेद शेख ने गुरुवार की शाम 5 बजे आकुर्दी अपने प्रभाग में मनपा के सुशीलकुमार लवटे नामक अधिकारी को कालिख पोत दी। इस घटना से पिंपरी चिंचवड़ मनपा के अभियंता और कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। इसी कड़ी में शुक्रवार को मनपा मुख्यालय के प्रवेशद्वार पर कर्मचारियों ने धरना- प्रदर्शन करते हुए कल के घटना की कड़ी निंदा की और प्रशासन से इस तरह की घटनाएं पुनः न दोहराई जाय, इसके लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

नगरसेवक जावेद शेख के प्रभाग नम्बर 14 में बीते साल भर से पानी आपूर्ति की समस्या कायम है। अधिकारियों से संपर्क करने पर ‘आपका ही काम कर रहा हूं’, ‘आठ दिन में काम पूरा होगा’, ‘दो दिन और बीतेंगे’ जैसे जवाबों से टालमटोल की जा रही है। मनपा का पूरा टैक्स चुकाने के बाद भी पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। इससे स्थानीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। इसी मसले को लेकर बीती शाम शेख के संपर्क कार्यालय के पास बैठक बुलाई गई थी, जिसमें  वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कनिष्ठ अभियंता सुशीलकुमार लवटे भी उपस्थित थे।

इस बैठक में मौजूद अधिकारियों को आड़े हाथ लेते हुए जवाब मांगा गया। सन्तोषजनक जवाब न मिलने और बार- बार शिकायत के बाद भी पानी का नियोजन करने में असफल देख नगरसेवक शेख का पारा चढ़ गया और उन्होंने लवटे के मुंह पर कालिख पोत दी। अगर अब भी अधिकारियों की अक्ल ठिकाने न आई तो कार्यालय में घुस कर कामकाज बंद कराया जाएगा, यह चेतावनी भी उन्होंने दी। आज इस घटना के निषेध में मनपा कर्मचारी महासंघ की ओर से धरना प्रदर्शन किया गया। महासंघ के प्रतिनिधि मंडल ने प्रशासन से इस तरह की घटनाएं पुनः न दोहराई जाय, इसके लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।