विधायकी का इस्तीफा देने वाले अब कौन सी पार्टी में जाएंगे? 

राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रवक्ता ने कसा भाजपा विधायक पर तंज

पिंपरी। पुणे समाचार ऑनलाइन

केंद्र में सत्ता के चार साल पूरे करनेवाली भाजपा ने महाराष्ट्र राज्य में भी भाजपा की सरकार ने सत्ता के तकरीबन साढ़े तीन साल पूरे कर लिए हैं। इसके बावजूद पिंपरी चिंचवड़ शहर में अवैध निर्माण कार्य नियमितीकरण और शास्तिकर माफी का मसला अनसुलझा ही है। शुक्रवार को पिंपरी मनपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में पधारे राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रवक्ता प्रशांत शितोले का इसकी ओर ध्यानाकर्षित किया गया तो उन्होंने भाजपा शहराध्यक्ष व विधायक लक्ष्मण जगताप पर तंज कसते हुए सवाल उठाया कि, तब इन मसलों के नहीं सुलझाने से नाराज होकर राष्ट्रवादी कांग्रेस त्यागने और विधायकी से इस्तीफा देनेवाले अब किस पार्टी में शामिल होंगे?

शितोले ने याद दिलाया कि, विधायक लक्ष्मण जगताप ने गत लोकसभा चुनाव के दौरान अवैध निर्माण कार्य नियमितीकरण और शास्तिकर माफी का मसला नहीं सुलझाने की वजह से राष्ट्रवादी और विधायकी से इस्तीफा दिया और शेकापा की ओर से लोकसभा चुनाव लड़ा। इसके बाद हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा का दामन थामा। इसकी वजह भी उन्होंने वही बताई। इतना ही अपने प्रचार में भी उन्होंने इसे मुद्दा बनाया। आज जब भाजपा केंद्र और राज्य दोनों जगहों पर सत्ता में है तब भी ये मसले सुलझ नहीं सके हैं। अवैध निर्माण कार्य नियमितीकरण और शास्तिकर माफी का मसला हल होने की घोषणा करते हुए इतनी बार शहर में शक्कर बांटी गई कि शक्कर ही खत्म हो गई और उसे पाकिस्तान से मंगाने की नौबत सत्तादल भाजपा पर आई। इसके बावजूद ये दोनों भी मसले आज भी अनसुलझे ही हैं। अब दूसरे चुनाव करीब आ रहे हैं, ऐसे में वे अब किस पार्टी का दामन थामते हैं? इसकी उत्सुकता है, इन शब्दों में राष्ट्रवादी के प्रवक्ता प्रशांत शितोले ने कभी उनके सियासी गुरु रहे विधायक लक्ष्मण जगताप पर फब्ती कसी।