दिग्विजय सिंह भोपाल से चुनाव लड़ेंगे : कमलनाथ

भोपाल (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने शनिवार को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भोपाल संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने की घोषणा की। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शनिवार को पत्रकारों के लिए आयोजित एक समारोह में कहा कि केंद्रीय चुनाव अभियान समिति ने तय किया है कि दिग्विजय सिंह भोपाल से चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह को इंदौर, जबलपुर अथवा भोपाल से चुनाव लड़ने के लिए कहा गया था। अंत में तय हुआ है कि दिग्विजय सिंह भोपाल से चुनाव लड़ेंगे।

कमलनाथ ने पिछले दिनों कहा था कि दिग्विजय सिंह को मुश्किल सीट से चुनाव लड़ना चाहिए, लिहाजा कमलनाथ द्वारा कही गई बात पर केंद्रीय चुनाव अभियान समिति ने भी मुहर लगा दी है। भोपाल वह संसदीय क्षेत्र है जहां लंबे अरसे से कांग्रेस को जीत नहीं मिली है।