आर्थिक तंगी के चलते डॉक्टर ने हॉस्पिटल में की खुदकुशी

पुणे समाचार

अहमदनगर में फाटके हॉस्पिटल में डॉ. महेश राऊत (41) ने खुद को इंजेक्शन लगाकर हॉस्पिटल में खुदकुशी कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आज सुबह इस घटना का खुलासा हुआ। जिला पुलिस अधीक्षक रंजनकुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम पाटिल, कोतवाली पुलिस थाना के पुलिस निरीक्षक रमेश रत्नपारखी ने घटनास्थल का दौरा किया। हॉस्पिटल में संबंधित डॉक्टरों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के आदेश दिए गए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक रंजनकुमार शर्मा ने कहा कि आज सुबह राऊत द्वारा आत्महत्या करने का खुलासा हुआ। उनके पास से एक चिट्ठी मिली है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि आर्थिक समस्या की वजह से सुसाइड कर रहा हूं।

फाटके हॉस्पिटल में आज सुबह दवाखाने कर्मचारी साफ सफाई करने के लिए गए थे, इस दौरान दरवाजा बंद पाया। कर्मचारी ने जोर जोर दरवाजा खटखटाया। दरवाजा नहीं खोलने पर दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो डॉक्टर की लाश पायी गई। कर्मचारी ने इस घटना की जानकारी बाकी डॉक्टरों को दी। पुलिस इस मामले में अधिक जांच कर रही है।