मुंबई में बारिश फिर बनी आफत, फुटओवर ब्रिज ढहा, रेल यातायात ठप्प

मुंबई। पुणे समाचार ऑनलाइन

सोमवार से लगातार हो रही बारिश के कारण एक बार फिर से मुंबई का जनजीवन प्रभावित हुआ है। लगातार जारी वर्षा के बीच मंगलवार की सुबह साढ़े सात बजे के करीब अंधेरी स्टेशन पर फूटओवर ब्रिज का एक हिस्सा ढ़ह गया, जिसके कारण वेस्टर्न लोकल रेल सेवा पूरी तरह से ठप्प हो गई है। मौके पर दमकल, पुलिस की टीमें पहुंच गई है। इन हादसे में दो लोगों के घायल होने की खबर है। ये ब्रिज अंधेरी रेलवे स्टेशन के पास था, जिसके कारण अंधेरी से विरार जाने वाली ट्रेनों के संचालन को बंद कर दिया गया है।

ये ब्रिज अंधेरी ईस्ट को अंधेरी वेस्ट से जोड़ता है, जिसका नाम गोखले ब्रिज है। फुटओवर ब्रिज का मलबा गिरने से रेलवे यातायात प्रभावित हुई है। अंधेरी से विले पार्ले जाने वाली सभी 4 लाइनें बंद कर दी गई हैं। ब्रिज के दूसरी तरफ ही दो स्कूल हैं, पास में ही रेलवे स्टेशन है। नतीजन ये ब्रिज काफी इस्तेमाल में आता है, हालांकि क्योंकि ये हादसा काफी सुबह हुआ इसलिए ब्रिज पर अधिक संख्या में लोग नहीं थे। हादसे के बाद मुंबई पुलिस ने भी इस बारे में ट्वीट किया और बताया कि ब्रिज गिरने के बाद मौके पर सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजामों को किया जा रहा है।

ज्ञात हो कि मुंबई में पिछले दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार को भी जिस दौरान ब्रिज गिरा है, वहां पर तेज बारिश ही हो रही थी। बारिश के कारण लगातार कई इलाकों में पानी भी भरा हुआ है। अगर ब्रिज इतना ही कमजोर था तो उसे लोगों के लिए क्यों खुला किया गया? यह सवाल उठ रहा है। बीते साल सितंबर एलफिंस्टन 2017 को मुंबई के ही एलफिंस्टन ब्रिज पर भगदड़ मच गई थी, जिस दौरान करीब 23 लोगों की मौत हो गई थी। इस ब्रिज को बाद में रेलवे और सेना ने साथ मिलकर युद्ध स्तर पर बनाया था। आज अंधेरी के हादसे ने एलफिंस्टन हादसे की याद को ताजा कर दिया।