समंदर में डूबकर खत्म हो जाएगी पूरी मुंबई! रिसर्च में हुआ खुलासा

मुंबई : समाचार ऑनलाइन – सपनों का शहर मुंबई चारों तरह से पानी से घिरा हुआ है। एक नई रिसर्च के मुताबिक, चौकाने वाला खुलासा सामने आया है। जिसके मुताबिक समुद्र का बढ़ता जलस्तर आने वाले समय में बेहद खतरनाक साबित होगा। रिसर्च के मुताबिक 2050 तक पूर्व में लगाए गए अनुमानों से तीन गुना ज्यादा लोगों पर समुद्र के बढ़ते जलस्तर का खतरा मंडरा रहा है। इतना ही नहीं समुद्र में बढ़ते जलस्तर के चलते भारत की वित्तीय राजधानी मुंबई समंदर में डूबकर खत्म हो जाएगी।

बता दें कि ये रिसर्च न्यू जर्सी स्थित एक विज्ञान संगठन क्लाइमेट सेंट्रल द्वारा की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2050 तक यहां एक बार बाढ़ अपना प्रकोप जरूर दिखाएगी। नासा के द्वारा पहले यह अनुमान लगाया गया था कि पर्यावरणीय बदलावों की वजह से आठ करोड़ लोगों पर समुद्र के बढ़ते जलस्तर का खतरा है। पहले धरती का हाल लेने के लिए सेटेलाइट डाटा का प्रयोग किया जाता था लेकिन शोधकर्ताओं ने इस बार ऐसा नहीं किया। इस बार वैज्ञानिकों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक के इस्तेमाल से सटीक निष्कर्ष प्राप्त करने में सफलता हासिल की है। पिछले मॉडल में उपग्रह डेटा का उपयोग किया गया था जिसमें बिल्डिंग और पेड़ों की वजह से भूमि को ऊंचाई पर दिखा दिया गया था।

शोधकर्ताओं का कहना है कि पहले और अब के रिसर्च में व्यापक अंतर सामने आए है। जानकारों की मानें तो इस शताब्दी के मध्य तक वियतनाम और भारत के कई हिस्से जलमग्न हो जाएंगे। मुंबई और आसपास के इलाकों में 1.8 करोड़ से अधिक लोगों का घर अगले 30 सालों में लगभग पूरी तरह से पानी में डूब जाएंगे। रिपोर्ट सामने आने के बाद से लोगों में गहन चर्चे शुरू हो गए है।