पुणे- मुंबई हाइवे पर भीषण हादसे ने ली सात जानें

पिंपरी। पुणे समाचार ऑनलाइन

पुणे- मुंबई हाइवे पर लोनावला के कार्ला के पास हुए एक भीषण हादसे में दो महिलाओं समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा रविवार की दोपहर तीन बजे के करीब हुआ है, इसमें मारे गए लोग पुणे और पिंपरी चिंचवड़ शहर के निवासी रहने की जानकारी सामने आई है। इस हादसे में तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की भी खबर है, उनका निजी अस्पताल में इलाज जारी है।

स्विफ्ट कार के मृतकों में संजीव मोहनसिंह कुशवाह (17), कृष्णा रमेश शिरसाठ (22), निखिल बालाजी सरोदे (20) तीनों निवासी अमरदीप कालोनी, श्रीनगर, रहाटनी, पुणे शामिल हैं। सेंट्रो कार के मृतकों में राजीव जगन्नाथ बहिरट (52), साेनाली राजीव बहिरट (46), जान्हवी राजीव बहिरट (20), जगन्नाथ चंद्रसेन बहिरट (83) सभी निवासी कैलास नगर, बीटी कवडे राेड, मुंढवा, पुणे का समावेश है। इस हादसे में घायल प्रतीक बालाजी सरोदे (18), आकाश मदने (17), रोहित कड (16) का कार्ला के अस्पताल में इलाज जारी है।

लोनावला ग्रामीण पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सेंट्रो और स्विफ्ट कार की जोरदार टक्कर होने से हुआ है। स्विफ्ट कार (एमएच 14 सीएक्स 8339) मुंबई और सेंट्रो कार (एमएच 12 इएक्स 1682) पुणे की दिशा में जा रही थी। तेज रफ्तार के कारण स्विफ्ट कार के चालक ने कार पर से अपना नियंत्रण खो दिया। इससे कार डिवाइडर से टकरा गई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार डिवाइडर तोड़कर पुणे की लेन में चली गई और सामने से आ रही सेंट्रो कार से जा टकराई।

चश्मदीदों के अनुसार कार्ला के पास दोनों कारों के बीच हुई टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ही कार चकनाचूर हो गई। कार के पत्रे कटर से काटकर उसमें सवार लोगों को बाहर निकालना पड़ा। सेंट्रो कार में सवार दो और स्विफ्ट कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। स्विफ्ट कार में बच्चे भी सवार थे, यह जानकारी भी हाथ आयी है। हादसे में घायल तीन लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। तेज बारिश के चलते राहत कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हादसे के बाद हाइवे पर जाम लग गया और घँटों तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रही।