मप्र में यूरिया के लिए मारा-मारी, सरकार का खाद आपूर्ति का दावा

भोपाल, 28 दिसंबर (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में किसानों को खाद की कमी के चलते परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उन्हें यूरिया खाद आसानी से नहीं मिल पा रहा है। शुक्र्रवार को शिवपुरी में यूरिया लेने पहुंच किसानों ने हंगामा कर दिया। इससे पहले गुरुवार को रायसेन व शिवपुरी में भी स्थिति बिगड़ी थी, वहीं दूसरी ओर सरकार यूरिया की आपूर्ति का दावा किया है। शिवपुरी जिले के मगरौनी में शुक्रवार को यूरिया की कमी को लेकर किसानों ने हंगामा खड़ा कर दिया। परेशान किसानों ने आरोप लगाया कि मगरौनी में यूरिया आने के बाद भी उन्हें नहीं दिया जा रहा है। किसानों ने मगरौनी चौकी के पास हंगामा कर दिया। इसके बाद वहां पुलिस बुलानी पड़ी और मगरौनी के खेल मैदान के पास यूरिया बांटने की व्यवस्था की। जिसके चलते किसानों की लंबी कतारें लग गईं।

गौरतलब है कि शिवपुरी जिले में इस समय किसान यूरिया को लेकर परेशान हो रहा है। जिला प्रशासन का दावा है कि गुरुवार को 2000 मैट्रिक टन से ज्यादा यूरिया की रैक शिवपुरी में आई है, लेकिन यूरिया किसानों को उपलब नहीं हो पा रहा है। जिले के करैरा, शिवपुरी और बदरवास में भी गुरुवार को किसानों ने यूरिया न मिलने के कारण हंगामा किया था। करैरा में पुलिस ने बल प्रयोग भी किया था।

सरकार की ओर से अधिकारिक तौर पर दावा किया गया है कि रबी सीजन के दौरान किसानों को यूरिया की आपूर्ति लगातार की जा रही है। रेलवे द्वारा रेक्स पाइंट पर यूरिया पहुंचाया जा रहा है। इसके बाद संबंधित जिलों में इनके वितरण की कार्यवाही भी तेज गति से चल रही है। यूरिया का वितरण व्यवस्थित तरीके से हो, इस संबंध में कृषि एवं किसान- कल्याण विभाग और सहकारिता विभाग द्वारा संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। इस माह 30 दिसंबर तक प्रदेश में 27 हजार 450 मीट्रिक टन यूरिया के 10 रेक्स पाइंट पर पहुंचेंगे।