मिथुन की तबीयत बिगड़ी, अमेरिकी अस्पताल में भर्ती

लॉस एंजेल्स : समाचार एजेंसी – मिथुन चक्रवर्ती की तबीयत पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रही है। उन्हें आखिरी बार डांस रियलिटी शो में बतौर जज देखा गया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मिथुन चक्रवर्ती इस समय अमेरिका के लॉस एंजेल्स में अपना इलाज करवा रहे हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनके साथ उनके बेटे महाक्षय और बहू मदालसा शर्मा भी हैं।

मिथुन पिछले कुछ समय से क्रॉनिक बैक पेन से जूझ रहे हैं। जब भारत में इलाज के बाद भी उन्हें आराम नहीं मिला, तो परिवार उन्हें अमेरिका ले गया। फैमिली सदस्यों ने इस बात की पुष्ट‍ि की है कि मिथुन की तबीयत ठीक नहीं है और उन्हें लॉस एंजेल्स के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि करीब दो साल पहले भी मिथुन इसी बीमारी के इलाज के लिए अमेरिका गए थे। मिथुन को बैक पेन की समस्या तब शुरू हुई थी, तब वे अपनी फिल्म लक में स्टंट के दौरान घायल हो गए थे। 2009 में आई इस फिल्म में इमरान खान, संजय दत्त, श्रुति हासन थे।

इस साल मई में भी तबीयत ज्यादा ख़राब होने के चलते वह टीवी से पूरी तरह गायब हो गए हैं। कुछ समय तक दिल्ली में भी उनका इलाज चला। लगातार खराब तबीयत रहने की वजह से उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है।