चार दिन की भूख हड़ताल में बढ़ गया आप के मंत्री का वजन!

नई दिल्ली। समाचार एजेंसी
भूख हड़ताल पर बैठे व्यक्ति का वजन घट सकता है या फिर बराबर रह सकता है, मगर बहुत अधिक पानी पीने पर भी वजन बढ़ नहीं सकता। मगर एलजी के राजनिवास में भूख हड़ताल पर बैठे आम आदमी पार्टी (आप) के मंत्री का वजन 1.2 किलो से बढ़ गया है। यह चौंकाने वाली जानकारी भूख हड़ताल पर बैठे आप के नेताओं की चिकित्सीय जांच में सामने आई है। इसके चलते पार्टी और उसकी भूख हड़ताल पर सोशल मीडिया पर तंज कसने शुरू हो गए हैं।
एलजी के घर राजनिवास में जहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया जहां पांच दिन से धरने पर बैठे हैं, वहीं मंत्री सत्येंद्र जैन चार दिन से भूख हड़ताल पर हैं। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने स्पष्ट किया है कि जब तक उपराज्यपाल हस्तक्षेप कर दिल्ली में आईएएस अफसरों की हड़ताल खत्म नहीं कराते तब तक वह हड़ताल और धरने से पीछे नहीं हटेंगे। भूख हड़ताल पर बैठे मंत्रियों का चेकअप करनेवाली टीम यह देखकर हैरान रह गई कि, चार दिन से भूख हड़ताल कर रहे सत्येंद्र जैन का वजन कैसे 1.2 किलो बढ़ गया। जिस पर उनकी भूख हड़ताल पर सवाल उठ रहे हैं।
धरना शुरू होने के बाद से चिकित्सकों की टीम रोजाना सत्येंद्र जैन और मनीष सिसौदिया का हेल्थ चेकअप कर रही है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को भूख हड़ताल के चौथे दिन चिकित्सकों ने मंत्री सत्येंद्र जैन का स्वास्थ्य परीक्षण किया तो वजन एक किलो दो सौ ग्राम बढ़ा मिला। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार शाम चेकअप के दौरान सत्येंद्र जैन का वजन 80.3 किलो था, जबकि शुक्रवार दोपहर चेकअप के दौरान यह वजन 81.5 किलोग्राम दर्ज हुआ। हालांकि मंत्री के स्टाफ ने सिर्फ तीन सौ ग्राम वजन बढ़ने की बात स्वीकार की है।
चिकित्सकों का कहना है कि भूख हड़ताल पर बैठे व्यक्ति का वजन घट सकता है या फिर बराबर रह सकता है, मगर बहुत अधिक पानी पीने पर भी वजन बढ़ नहीं सकता। बहरहाल बीते दिन आप विधायकों की बैठक में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास घेरने की योजना बनाई गई। केजरीवाल ने वीडियो संदेश जारी कर घेराव की बात कही। साथ ही प्रधानमंत्री को दस लाख लोगों के हस्ताक्षर का मांगपत्र सौंपा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और उपराज्यपाल अनिल बैजल को दिल्लीवासियों की फिक्र न रहने से वे राज्य सरकार की कोई मदद नहीं कर रहे हैं।