फेसबुक पर कर्ज के नाम पर ठगी करने वाले पर शिकंजा

पिंपरी। संवाददाता – फर्जी फेसबुक पेज बनाकर कर्ज देने के नाम पर ठगी का गोरखधंधा करनेवाले एक ठग पर पिंपरी चिंचवड़ पुलिस की सायबर सेल ने शिकंजा कस लिया है। बिरजू दिनकर पाटिल निवासी चंदननगर, पुणे ऐसे गिरफ्तार किए गए ठग का नाम है। उसने फेसबुक पर कृष्णाजी अग्रवाल के नाम से फर्जी पेज शुरू कर उसपर कर्ज दिलाने का झांसा दिया था। उसके खिलाफ तलेगांव दाभाड़े पुलिस थाने में भी एक ऐसा ही मामला दर्ज रहने की जानकारी सामने आई है।

इस बारे में जानकारी देते हुए क्राइम ब्रांच यूनिट 5 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक डॉ विवेक मुगलीकर ने बताया कि, गाड़ियों की खरीद फरोख्त का कारोबार करनेवाले साहिल पारधी को कारोबार में घाटा आने के कारण कर्ज की जरूरत थी। उन्होंने फेसबुक पर कृष्णाजी अग्रवाल नामक पेज पर जिओ फाइनेंस का विज्ञापन देखा। उस पर दिए गए नँबर पर फोन करने पर बिरजू पाटिल ने उनसे अग्रवाल बनकर बात की और प्रति लाख के कर्ज के लिए तीन हजार रुपए कमीशन लेने की बात कही।

पारधी ने आठ लाख रुपए कर्ज की जरूरत बताई। इस पर पाटिल ने उन्हें जिओ फाइनेंस से कमीशन पर कर्ज दिलाने का झांसा दिया और उनसे पंजाब नेशनल बैंक के एकाउंट पर पहले 24 हजार रुपए और बाद में और 15 हजार रुपए जमा करवाये। इसके बाद न उन्हें कर्ज दिलाया न उनके पैसे लौटाए। उल्टे टालमटोल के जवाब देकर फोन बंद कर दिया। पारधी ने पिंपरी चिंचवड़ पुलिस के साइबर सेल में इसकी शिकायत की। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस बिरजू पाटिल तक पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसने तलेगांव दाभाड़े पुलिस की सीमा में ऐसी ही एक वारदात स्वीकार की है।