मतदान के बाद नेताओं के लिए फुर्सत का रविवार

नई दिल्ली, 9 फरवरी (आईएएनएस)| मतदान के एक दिन बाद राष्ट्रीय राजधानी में, लगभग सभी राजनीतिक पार्टियों के अधिकतर नेताओं के लिए यह रविवार फुर्सत का है। अधिकतर नेताओं ने भाग-दौड़ से दूर घर पर ही रहने का फैसला किया। आम आदमी पार्टी(आप) के अधिकतर शीर्ष नेताओं ने जहां अपना समय परिवार के साथ बिताया, वहीं कांग्रेस के दिल्ली प्रमुख सुभाष चोपड़ा के लिए रविवार आम दिनों की तरह ही था।

आप नेता देरी से उठे और अपने घरों में ही बने रहे।

पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने अपना समय परिवार के साथ बिताया, तो पार्टी नेता मनीष सिसोदिया भी अपने संबंधियों व बच्चों के साथ घर पर समय बिताते दिखे।

सिसोदिया ने अपना समय भतीजे के बेटे के साथ बिताया और कहा, “एक मासूम मुस्कान से बेहतर और क्या हो सकता है।”

आप की दिल्ली इकाई प्रमुख गोपाल राय भी इस दौरान अपने घर में ही रहे।

आप के नेता एक माह या इससे भी अधिक समय से जोर-शोर से प्रचार अभियान चला रहे थे।

राजधानी में चुनाव शनिवार को संपन्न हुए और नतीजे मंगलवार को घोषित किए जाएंगे।

पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि हालांकि आप के नेता शहर में हो रही गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं।

वहीं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी भी अपने पुराने अंदाज में दिखे। रोजमर्रा की तरह उन्हें उनके घर में क्रिकेट खेलते देखा गया।

हालांकि दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने अपने परिवार के साथ समय बिताने का फैसला किया। आईएएनएस के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि वह एक फिल्म देखने की योजना बना रहे हैं।

दूसरी ओर, कांग्रेस के लिए आज का दिन अन्य दिनों की तरह ही रहा।

चोपड़ा ने आईएएनएस से कहा कि वह हालांकि सुबह टहलने गए थे, लेकिन अन्य दिनों की तुलना में कुछ देरी हो गई थी। उन्होंने कहा कि वह अपना दिन दिल्ली कांग्रेस कार्यालय में बिताएंगे।