फ्रांसी दुल्हन नागपुर दूल्हे संग भारतीय रीति रिवाज में रचाएंगे शादी

नागपुर : समाचार ऑनलाइन – नागपुर के दूल्हे की लव स्टोरी सामने आयी है। जिसमें लड़की फ्रांस की रहने वाली है तो वही दूल्हा नागपुर का रहने वाला है और अब ये दोनों शादी के बंधन में बंधने जा रहे है। इसकी खास बात ये है कि फ्रांस जैसे देशों में चकाचौंध और पश्चिमी सभ्यता के बावजूद दुल्हन भारतीय परंपरा में शादी करने जा रही है। दोनों के परिवारों ने नागपुर में ही विवाह करने का फैसला किया है। इसके लिए दोनों के परिवार विवाह की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

बता दें कि दुल्हन के परिजन और फ्रेंड्स सोमवार को ही नागपुर पहुंच गए हैं। नोर्ड, फ्रांस के रिटायर्ड इंटरनल सिक्योरिटी हेड जनरल फिलिप बिजेट की बेटी फ्लोरेंस और नागपुर के पुलिस उपनिरीक्षक मिथिलेश त्रिपाठी के बेटे अभिषेक का विवाह भारतीय परंपरा के मुताबिक रविवार को नागपुर में होने जा रहा है। इससे पूर्व आज गणतंत्र दिवस के शाम संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें भारतीय संगीत और नृत्य प्रस्तुत करने के लिए ब्रिटेन, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, मैक्सिको और इटली से आए फ्लोरेंस के परिजन और फ्रेंड्स जमकर भारतीय संगीत पर थिरकने की प्रैक्टिस कर रहे हैं। कल मेहंदी और हल्दी की रस्म अदा की गयी। फ्लोरेंस सहित उसके परिजन और फ्रेंड्स सभी भारतीय रीति-रिवाजों के साथ विवाह करने में रुचि ले रहे हैं। इसके साथ ही उन्हें भारतीय पहनावा खूब जच रहा है।

इस शादी के अवसर पर पहनावे में भी भारतीय परंपरा का ख्याल रखा गया है। फ्लोरेंस बर्मिंघम (यूके) में बार्कलेज बैंक की हेड हैंजबकि अभिषेक भी यूके में ही अपनी कंपनी चला रहे हैं। इससे पूर्व अभिषेक ने यूके से ही एमबीए किया और नौकरी भी की है। फ्लोरेंस को भी भारतीय संस्कृति पसंद है। उन्हें फ्रेंच और इंग्लिश के साथ ही थोड़ी-बहुत हिंदी भी आती है और वह इसे सीखने की कोशिश भी कर रही हैं। बता दें कि अभिषेक और फ्लोरेंस की पहली मुलाकात यूनाइटेड किंगडम (यूके) में आयोजित फ्रेंड्स की एक पार्टी में हुई थी, जिसके बाद दोनों की दोस्ती हो गई।

फ्लोरेंस पिछले 4-5 वर्षों से दिवाली और होली पर नागपुर आया करती थीं। अभिषेक के परिजन भी उसे पसंद करने लगे थे। अब दोनों ने विवाह बंधन में बंधने का फैसला किया। दोनों परिवारों की रजामंदी से भारतीय परंपरा के अनुसार विवाह होने जा रहा है।