गणेशोत्सव : ऑनलाइन परमिशन का बढ़ा क्रेज, 5 दिन में 65 आवेदन

पुणे : समाचार ऑनलाईन – शहर के सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों को मंडप लगाने हेतु ऑनलाइन पद्धति से परमिशन देने की प्रक्रिया शनिवार से शुरू की गई है। पिछले पांच दिनों में शहर के 65 मंडलों ने ऑनलाइन परमिशन हेतु ऑनलाइन आवेदन किए हैं। इस बार गणेशोत्सव मंडलों द्वारा ऑनलाइन परमिशन लेना पसंद किया जा रहा है।

ऑनलाइन पद्धति से मंडप की परमिशन देने का निश्चय
पिछले वर्ष के जैसे इस बार भी गणेशोत्सव के दौरान ऑनलाइन पद्धति से मंडप की परमिशन देने का पुलिस और मनपा प्रशासन ने निश्चय किया है। मनपा की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन परमिशन ले सकते हैं। इसके लिए मनपा के सभी वार्ड ऑफिसेस में सिंगल विंडो योजना शुरू की जाएगी। 15 अगस्त तक यह परमिशन ले सकते हैं।

पिछले वर्ष केवल 841 मंडलों ने लिया था ऑनलाइन परमिशन
पिछले वर्ष ऑनलाइन पद्धति के बारे में कई संदेह मंडलों के पदाधिकारियों के मन में थे। इसलिए ऑनलाइन के बजाय पारंपरिक ऑफलाइन पद्धति को ज्यादा पसंद किया गया था। पिछले वर्ष शहर के 2206 मंडलों ने मंडप हेतु परमिशन ली थी। उनमें से केवल 841 मंडलों ने ऑनलाइन पद्धति से परमिशन ली थी। पिछले बार बॉक्स कमान हेतु 230, रनिंग मंडप हेतु 128 तथा बिक्री स्टॉल्स के लिए 313 परमिशन ली गई थी। परमिशन नहीं लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई थी। 2 उत्सव मंडप तथा 45 बिक्री स्टॉल पर कार्रवाई की गई थी, जिन्होंने मनपा से परमिशन नहीं ली थी। साथ ही 46 उत्सव मंडप, 2 रनिंग मंडप और 288 बिक्री स्टॉल्स को मनपा द्वारा नोटिसें दी गई थीं।

रनिंग मंडप व कमान बॉक्स की परमिशन ऑफलाइन
मनपा द्वारा ऑनलाइन पद्धति से केवल मंडप परमिशन दी जा रही है। यह परमिशन लेने मंडलों को कोई भी रकम जमा नहीं करानी पड़ती। लेकिन जिस परमिशन के लिए शुल्क जमा करना जरूरी है, ऐसे रनिंग मंडप और बॉक्स कमान की परमिशन हेतु ऑफलाइन परमिशन ही लेनी पड़ेगी। इन परमिशन को लेने मंडलों के पदाधिकारियों को मनपा कार्यालयों में चक्कर मारने पड़ेंगे।