गलत जानकारी देना गूगल को पड़ा महंगा

नई दिल्ली। समाचार एजेंसी

हर तरह की सटीक जानकारी देनेवाले के रूप में पूरे विश्व में परिचित गूगल सर्च इंजन को एक व्यक्ति के बारे में गलत जानकारी देना महंगा साबित हुआ है। दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन गूगल पर यह गलती तब भारी पड़ गई, जब सम्बन्धित व्यक्ति ने उसके खिलाफ केस ठोक दिया। उस व्यक्ति ने मुकदमा जीत लिया और गूगल को कोर्ट की ओर से उस व्यक्ति को 150,000 डॉलर का भुगतान करने का आदेश दिया गया।

मामला ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न का है, जहां के स्थानीय मिलोराड त्रिकुजला ने गूगल के खिलाफ लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी और अब इस केस में उन्हें जीत मिली है। 2004 में मेलबर्न में मिलोराड पर एक लोकल गेंगस्टर ने गोली चलाई थी। इसके थोड़े दिनों बाद मिलोराड ने एक दिन ऐसे ही गूगल पर अपना नाम खोजा। गूगल पर आए परिणाम देखकर वह चौंक उठे। दरअसल गूगल पर उनका नाम और फोटो को एक गैंगस्टर के तौर पर दिखाने के साथ ही उन्हें ड्रग ट्रेफिकर भी बताया गया था।

इसके बाद उन्होंने गूगल के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया कोर्ट में मुकद्मा ठोक दिया। यहां उन्हें 150000 अमेरिकी डॉलर के भुगतान का आदेश हुआ। इसके बाद मामला विक्टोरियन कोर्ट में चला गया, यहां उन्होंने गूगल पर आरोप जड़ा कि उनके सर्च में बहुत गलतियां हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि कोई मेलबोर्न के अंडरवर्ल्ड क्रिमिनल की जानकारी गूगल पर मांगे तो उसमें उनकी तस्वीर आती है। हालांकि उस समय केस गूगल ने जीत लिया मगर मिलोराड ने हार नहीं मानी। उन्होंने केस को हाईकोर्ट में चुनौती दी जिसमें कोर्ट ने माना ये मामला मानहानि का बनता है और फैसला उनके पक्ष में सुनाया।