महंगा हुआ एसटी का सफर

मुंबई। पुणे समाचार ऑनलाइन

पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ते दामों के कारण महाराष्ट्र राज्य परिवहन लि (एसटी) ने अपनी बसों के किरायों में 18 प्रतिशत तक वृद्धि करने का फैसला किया है। बढ़ी हुई दरें आज यानी 15 जून की मध्यरात्रि से लागू कर दी जाएंगी। टिकट वृद्धि के बारे में राज्य परिवहन मंत्री और एसटी महामंडल के अध्यक्ष दिवाकर रावते ने कहा कि, ईंधन के दामों में बढ़ोत्तरी और हाल ही में कर्मचारियों के लिए 4,849 करोड़ रुपए वेतनवृद्धि के कारण टिकटों की दरों में वृद्धि करना मजबूरी बन गई है।

परिवहन मंत्री रावते ने यह भी कहा कि, मौजूदा खर्चों के हिसाब से किराए में 30 प्रतिशत वृद्धि होनी चाहिए, लेकिन अभी केवल 18 प्रतिशत ही वृद्धि की जा रही है। नई दरें एसटी महामंडलों की सभी प्रकार की बसों में लागू होंगी। महामंडल के अनुसार यदि राज्य सरकार द्वारा डिजल पर लगनेG वाले अलग-अलग कर माफ किए गए, तो टिकट की कीमतों में हुई वृद्धि पर दोबारा विचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री सहित वित्तमंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने इस विषय पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।

एसटी की टिकटों की कीमत रेलवे में टिकटों की कीमत 5 रुपए के हिसाब से राउंड ऑफ होगी। उदाहरण के तौर पर 7 रुपए की टिकट 5 रुपए की हो जाएगी, लेकिन 8 रुपए की टिकट के लिए सीधे 10 रुपए देने होंगे। छुट्टे पैसे की परेशानी दूर करने के लिए ऐसा किया जा रहा है। छुट्टे पैसों को लेकर एसटी कर्मचारियों का यात्रियों के साथ अक्सर विवाद होते हैं। उन्हें टालने के लिए यह फैसला किया गया है। 18 फीसदी बढ़ोतरी के फैसले पर आज मध्यरात्रि से अमलबाजी की जायेगी।