हैशटैग ट्रेंड…ट्विटर पर रतन टाटा को भारत रत्न देने की छिड़ी मुहिम

नई दिल्ली . ऑनलाइन टीम : रतन टाटा भारत के सबसे बड़े उद्योगपतियों में से एक हैं। तकरीबन 150 साल पुराने टाटा ग्रुप के चेयरमेन रतन टाटा ग्रुप को नई उंचाइयों पर ले गए हैं। रतन टाटा को भारत सरकार की तरफ से पद्म भूषण औऱ पद्म विभूषण जैसे पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। रतन टाटा 2012 में रिटायर हो गए थे लेकिन साइरस मिस्त्री से विवाद के चलते उन्हें वापस कंपनी में लौटना पड़ा। वह चुपचाप ऐसा काम कर जाते हैं, जो लोगों के दिलों को जीत लेता है।

सोशल मीडिया पर अचानक शुक्रवार को अजीब स्थिति उत्पन्न हो गई। मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. विवेक बिंद्रा ने रतन टाटा को भारत रत्न दिए जाने की मांग से संबंधित ट्वीट किया। इसके बाद तो ट्वीट और रिट्वीट की बाढ़ आ गई। रतन टाटा से जुड़े हैशटैग ट्रेंड करने लगा।

दरअसल, मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. विवेक बिंद्रा ने ट्वीट में लिखा गया कि भारत के प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा को हम भारत रत्न दिए जाने की मांग करते हैं। बस क्या था-हां, हां के साथ  टाटा को भारत रत्न देने की सोशल मीडिया पर ऐसी मांग उठी है कि ट्विटर पर Ratan Tata और BharatRatnaForRatanTata हैशटैग टॉप ट्रेंड में आ गया।  बिंद्रा के इस ट्वीट में लिखा गया था कि भारत के प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा को हम भारत रत्न दिए जाने की मांग करते हैं। जुड़िए हमारी इस मुहिम से और इस ट्वीट को ज्यादा से ज्यादा Retweet करिए!

यूजर एक-एक सामने आते गए और रतन टाटा के आदर्शों को सामने रख ट्वीट करते गए। किसी ने  26/11 हमलों के दौरान उदारता और नेतृत्व के आदर्श उदाहरण का जिक्र किया, तो किसी ने ईमानदार आदमी के रूप में प्रतिष्ठित किया। इस प्रकार मांग बढ़ती ही गई।