TikTok वीडियो पर मिला 3 साल पहले लापता हुआ पति, रह रहा था किन्नरों के साथ

समाचार ऑनलाइन – टिक-टॉक (TikTok) ऐप के प्रति देश में लोगों की दीवानगी किसी से छुपी नहीं है। इस ऐप के इस्तेमाल में कई बार लोग अपनी जान तक जोखिम में डालने से नहीं चूकते। इसके मद्देनजर कुछ समय पहले मद्रास हाईकोर्ट ने टिक-टॉक ऐप को डाउनलोड करने पर अल्पकालिक पाबंदी लगा थी। लेकिन इस बीच इसी ऐप के जरिए तमिलनाडु की एक महिला को तीन साल पहले खोया हुआ पति मिलने की खबर है। बताया जा रहा है कि महिला के एक रिश्तेदार ने ट्रांसजेंडर्स के Tik-Tok वीडियो में उसके पति को देखा था। जिसके बाद पुलिस की मदद से महिला के खोये पति को ढूंढ निकाला गया।

क्या है मामला

यह घटना तमिलनाडु के विल्लुपुरम की बताई जा रही है। जहां जयप्रदा और सुरेश नाम के दंपति अपने दो बच्चे के साथ रहते थे। लेकिन 2016 में सुरेश काम पर जाने के लिए घर से निकला और दोबारा वापस नहीं आया। उसकी पत्नी जयप्रदा ने उसके दोस्तों और रिश्तेदारों से कई दिनों तक सुरेश के बारे में पूछताछ की लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। लेकिन इस बीच कुछ दिन पहले जयप्रदा के एक रिश्तेदार ने बताया कि उसने TikTok के एक वीडियो में ट्रांसजेंडर महिला के साथ सुरेश जैसा दिखने वाला शख्स को देखा है।