भाजपा सत्ता में आई तो बदल जाएगा हैदराबाद का नाम

हैदराबाद : समाचार ऑनलाइन – उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इलाहाबाद-फैजाबाद का नाम क्या बदला, पूरे देश में नाम बदलने की हवा चल निकली है। गुजरात और महाराष्ट्र के बाद अब तेलंगाना में भाजपा नेता राजा सिंह ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है, तो हैदराबाद का नाम बदला जाएगा। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा हैदराबाद के साथ-साथ कई अन्य शहरों का नाम भी महापुरुषों के नाम पर रखेगी।

सिंह ने कहा, ‘भाजपा यदि तेलंगाना में सरकार बनाती है, तो हमारा पहला लक्ष्य विकास होगा और दूसरा शहरों के नाम ऐसे महापुरुषों के नाम पर रखना, जिन्होंने देश या तेलंगाना के लिए महान कार्य किये’। भाजपा नेता ने आगे कहा कि मुगलों और निजाम ने जिन शहरों के नाम बदले थे, उन्हें भाजपा के सत्ता में आने के बाद पुन: बदला जाएगा।

राजा सिंह के मुताबिक, 16 वीं शताब्दी में कुतुबशाही वंश के शासकों ने भाग्यनगर का नाम बदलकर हैदराबाद कर दिया था। उस समय कई मंदिर भी तोड़े गए थे। तेलंगाना में भाजपा की सरकार बनने के बाद हैदराबाद का नाम फिर से भाग्यनगर रखा जायेगा। साथ ही उस दौरान बदले गए अन्य शहरों के नाम भी वापस बदले जाएंगे, इसमें सिकंदराबाद और करीमनगर शामिल हैं।