मंत्रालय के सामने महिला ने की आत्मदाह की कोशिश

मुंबई। समाचार ऑनलाइन
सुसाइड स्पॉट बनते जा रहे मुंबई मंत्रालय परिसर में बुधवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला ने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आत्मदाह करने की कोशिश की। महिला खुद को आग लग पाती, उससे पहले वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। महिला का नाम राधाबाई सालुंखे बताया जा रहा है। बीड़ जिले की निवासी राधाबाई का जमीन को लेकर कोर्ट में विवाद चल रहा था। इसका फैसला उनके पक्ष में नहीं आया था, जिससे वह निराश थी।
[amazon_link asins=’B07FMF33T9,B07F5B27L7′ template=’ProductCarousel’ store=’policenama100-21′ marketplace=’IN’ link_id=’8f761aec-957e-11e8-aee7-05fe5128711f’]
राधाबाई ने कई अधिकारियों से भी गुहार लगाई थी, मगर कहीं से कुछ हासिल न हो सका। इससे निराश होकर वह बुधवार को मंत्रालय गेट के सामने पहुंची। अपने साथ वह केरोसिन लेकर आई थी। खुद पर केरोसिन उड़ेल लिया और आग लगाने की कोशिश की। हांलाकि मंत्रालय में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने फौरन हरकत में आकर राधाबाई को रोक लिया और उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया। उन्हें मरीन ड्राइव पुलिस के हवाले किया गया है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
मंत्रालय के सामने आत्मदाह की कोशिश करने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले बीते महीने जुलाई की 25 तारीख को उस्मानाबाद की रहनेवाली अलका कारंडे ने मंत्रालय के गार्डन गेट के सामने आत्मदाह का प्रयास किया था। उसे भी पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पकड़ लिया था। अलका साहूकार की ज्यादती से परेशान बताई जा रही थी। किसान धर्मा पाटिल की आत्महत्या के बाद से मंत्रालय ज्यादा चर्चा में घिरने लगा है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद मंत्रालय इमारत की मंजिलों में सुरक्षा के लिहाज से जाली भी लगाई गई है।