सरकारी अस्पताल में चुहे ने कुतर दी मरीज की आंख!

मुंबई। पुणे समाचार ऑनलाइन

विधानसभा के बजट सत्र में मंत्रालय का चूहा घोटाला उजागर होने के बाद मुंबई के एक सरकारी अस्पताल में चूहे ने एक मरीज की आंख कुतरे जाने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इस घटना से बालासाहेब ठाकरे ट्रामा केयर हॉस्पिटल के मरीजों में खलबली मच गई है। जिस मरीज के साथ यह घटना घटी है, उसके परिजनों ने हॉस्पिटल प्रशासन के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई है।

मरीज़ के पिता से मिली जानकारी के अनुसार, उनके पुत्र का उक्त हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। दो दिन पहले ही उसे आईसीयू से निकाल कर जनरल वार्ड में शिफ्ट किया गया। रात में उसकी आंख को चूहे द्वारा कुतरे जाने से सुबह उसकी आंखों से खून बहता नजर आया। इसके साथ ही उसके शरीर और बिस्तर पर भी खून के धब्बे नजर आए।

उनका बेटा एक हादसे का शिकार था, उसके मस्तिष्क में खून जमा होने के कारण वह कोमा में चला गया है। उसे आईसीयू में दाखिल करते वक्त जनरल वार्ड में हमने खुद चूहों को देखा। इस बारे में हमने हॉस्पिटल के प्रशासन से जवाब मांगा तो टालमटोल की गई, यह आरोप भी मरीज के पिता ने लगाया है।