मुख्यमंत्री की मौजूदगी में प्लास्टिक पर प्रतिबंध का उड़ा मजाक!

मुंबई : समाचार ऑनलाइन

महाराष्ट्र में 23 जून से प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन बावजूद इसके प्लास्टिक के इस्तेमाल के मामले सामने आ रहे हैं। सबसे ताज़ा मामला तो कल्याण तालुका के वरपा गांव में रविवार को आयोजित वृक्षारोपण कर्यक्रम का है। इस कार्यक्रम में प्लास्टिक ग्लास का इस्तेमाल किया गया। गौर करने वाली बात ये है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे। लिहाजा अब सवाल उठ रहे हैं कि जब स्वयं मुख्यमंत्री की उपस्थिति में प्रतिबंध का मजाक उड़ाया जाएगा, तो फिर यह कैसे प्रभावी रहेगा?

गौरतलब है कि तमाम विरोध के बावजूद राज्य सरकार ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया था। सरकार के इस कदम की हर ओर सराहना की गई, खासकर पर्यावरण प्रेमियों ने इसे वाजिब करार दिया। लेकिन अब जब सूबे के मुखिया यानी मुख्यमंत्री की मौजूदगी में प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल सामने आया है, तो कई सवाल खड़े हो गए हैं। मुख्यमंत्री के अलावा, इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, राज्य के वनमंत्री सुधीर मुनगंटीवार, ठाणे के पालकमंत्री एकनाथ शिंदे, रायगड के पालकमंत्री रवींद्र चव्हाण आदि उपस्थित थे।