मप्र के तापमान में वृद्धि

भोपाल (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों के तापमान में उछाल आया है और गुरुवार को ठंड का असर कम है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में हवाओं के रुख में आए बदलाव के कारण तापमान में बदलाव आया है। हवाओं का रुख उत्तरी से दक्षिण-पश्चिमी होने से ठंड का असर कम हुआ है और तापमान में उछाल आया है। मौसम साफ होने के साथ धूप खिली है।

राज्य का न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में बदलाव के साथ तापमान में वृद्धि हुई है। गुरुवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 18.6 डिग्री, ग्वालियर का 15.5 डिग्री और जबलपुर का 14.4 सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बुधवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 33 डिग्री, ग्वालियर का 27.5 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा।