गंगा आरती के बाद ‘चकाचक’ हुआ इंद्रायणी नदी घाट

मोशी में विश्व श्रीराम सेना की पहल 
पिंपरी। समाचार ऑनलाइन – आस्था के महापर्व छठ पूजा पर मोशी में इंद्रायणी नदी घाट पर विश्व श्रीराम सेना की पहल में लगातार दूसरे साल गंगा आरती का आयोजन किया गया था। इसमें हजारों की तादात में बिहार और उत्तर प्रदेशवासी नागरिकों ने हिस्सा लिया और सूर्योपासना की। दीवाली से पहले नदी में फैली जलकुंभी ने मोशीवासियों की चिंता बढ़ा दी थी। हालांकि गंगा आरती के पहले और बाद में भी नदी घाट पर स्वच्छता अभियान चलाने की परंपरा को बरकरार रख विश्व श्रीराम सेना ने समाज के समक्ष आदर्श प्रस्तुत किया। उनके इस उपक्रम में महापौर राहुल जाधव ने भी शामिल हुए और उन्होंने खुद भी श्रमदान किया।

मोशी में इंद्रायणी नदी घाट पर उत्तर भारतीयवासियों ने बड़े उत्साह और भक्ति भाव से छठ का महापर्व मनाया। वाराणसी (काशी) में गंगा घाट पर की जानेवाली गंगा आरती की तर्ज पर गत साल से मोशी के इंद्रायणी नदी के घाट पर काशी के पुरोहितों के हाथों गंगा आरती का आयोजन किया जा रहा है। गंगा आरती के माध्यम से विश्व श्रीराम सेना ने इंद्रायणी नदी संवर्धन के संकल्प लेकर स्वच्छता अभियान चलाया। छठ पूजा के चलते नदी घाट पर पूजा की सामग्री, फल-फूल और अन्य कचरा जमा हुआ था। संगठन के कार्यकर्ताओं ने गंगा आरती के पहले चलाये गए स्वच्छता अभियान की तरह छठ पर्व के पश्चात भी पुरे घात परिसर की सफाई की।

दिवाली से पहले से नदी में जमा जलकुंभी हटाने के बाद अब नदी घाट की स्वच्छता से मोशीवासियों ने काफी राहत महसूस की और विश्व श्रीराम सेना के स्वयंसेवकों के उपक्रम की सराहना की। संगठन के संस्थापक अध्यक्ष लालबाबू गुप्ता ने पिंपरी चिंचवड मनपा प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, दमकल और पुलिस बल का आभार माना। स्वच्छता अभियान में शामबाबू गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, अक्रम शेख, विनोद प्रसाद, मुन्ना सिंह, इम्तियाज अहमद, किरण गायकवाड, आनंद गुप्ता, प्रसाद कुमार, राहुल गुप्ता, धनंजय गुप्ता, शेखर गुप्ता, रोहित प्रसाद, किरण गायकवाड, पृथ्वी प्रसाद, सत्यम गुप्ता, विकास गुप्ता, रोहिदास कराटे, राधेशाम गौतम आदि स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया।