कल्याण- डोम्बिवली मनपा के अतिरिक्त आयुक्त संजय घरत निलंबित

अवैध निर्माणकार्य पर कार्रवाई न करने के लिए मांगी थी 35 लाख की घूस

ठाणे। पुणे समाचार ऑनलाइन

अवैध निर्माणकार्य के खिलाफ कार्रवाई न करने के लिए 35 लाख रुपए की रिश्वत के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) द्वारा गिरफ्तार किये गए कल्याण- डोम्बिवली मनपा के अतिरिक्त आयुक्त सजंय गजानन घरत (51) को निलंबित कर दिया गया। मंगलवार को उनके निलंबन का आदेश जारी किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। गत सप्ताह एसीबी ने इस मामले में दो लिपिकों को भी गिरफ्तार किया गया है। इतनी बड़ी राशि की घूस लेते हुए अतिरिक्त आयुक्त दर्जे के अधिकारी को रंगेहाथ पकड़े जाने से पूरे राज्य में खलबली मच गई थी।

गौरतलब हो कि, शहर के एक बड़े अवैध निर्माणकार्य के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने के लिए अतिरिक्त आयुक्त सजंय घरत ने शिकायतकर्ता से 42 लाख रुपए की घूस मांगी थी। बाद में बात 35 लाख रुपए पर तय हुई। इसके पहली किश्त के तौर पर आठ लाख रुपए देने की बात तय हुई। इस बीच एसीबी के पास शिकायत की गई, इसकी पुष्टि करने के बाद आज कल्याण-डोम्बिवली मनपा के मुख्यालय में जाल बिछाया गया। यहां पैसे स्वीकारते हुए घरत को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। घरत के साथ ही लिपिक ललित दशरथ आमरे (42) और भूषण बलिराम पाटिल (27) को भी गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार को अतिरिक्त आयुक्त घरत को निलंबित कर दिया गया। इस कार्रवाई से समूचे महाराष्ट्र् में खलबली मच गई है।