कर्नाटक कांग्रेस, जद (एस) ने केजरीवाल को बधाई दी

बेंगलुरू, 11 फरवरी (आईएएनएस)| कर्नाटक कांग्रेस और जनता दल (सेकुलर) ने मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उनकी सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) को दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के लिए बधाई दी। कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष दिनेश गुंडेराव ने ट्वीट किया, “अरविंद केजरीवाल व आप को दिल्ली में जीत पर बधाई। यह आशा के अनुरूप है और निंदापूर्ण, विभाजनकारी प्रचार के बावजूद है। भाजपा को बुरी तरह से नुकसान हुआ।”

दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए आठ फरवरी को मतदान हुए थे। आप 63 सीटों पर आगे हैं और भाजपा सात सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

जद (एस) के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री एच.डी.कुमारस्वामी ने ट्वीट किया, “अरविंद केजरीवाल व आम आदमी पार्टी को हार्दिक बधाई। दिल्ली के लोगों ने दिखा दिया कि ‘फासिस्ट विचारधारा’ कभी उनका दिल नहीं जीतेगी।”