35 लाख मांगने वाला अतिरिक्त आयुक्त एसीबी के शिकंजे में

अवैध निर्माणकार्य पर कार्रवाई न करने के लिए मांगी थी 35 लाख की घूस
कल्याण। समाचार एजेंसी

अवैध निर्माणकार्य के खिलाफ कार्रवाई न करने के लिए 35 लाख रुपए की रिश्वत मांग कर उसकी पहली किश्त के तौर पर आठ लाख रुपए स्वीकारते हुए कल्याण- डोम्बिवली मनपा के अतिरिक्त आयुक्त पर एसीबी ने शिकंजा कस लिया है। सजंय गजानन घरत (51) ऐसे गिरफ्तार किए गए अतिरिक्त आयुक्त का नाम है। उनके साथ ही उनके दो लिपिकों को भी गिरफ्तार किया गया है।एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, जिसमें इतनी बड़ी राशि की घूस लेते हुए अतिरिक्त आयुक्त दर्जे के अधिकारी को रंगेहाथ पकड़ा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के एक बड़े अवैध निर्माणकार्य के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने के लिए अतिरिक्त आयुक्त सजंय घरत ने शिकायतकर्ता से 42 लाख रुपए की घूस मांगी थी। बाद में बात 35 लाख रुपए पर तय हुई। इसके पहली किश्त के तौर पर आठ लाख रुपए देने की बात तय हुई। इस बीच एसीबी के पास शिकायत की गई, इसकी पुष्टि करने के बाद आज कल्याण-डोम्बिवली मनपा के मुख्यालय में जाल बिछाया गया। यहां पैसे स्वीकारते हुए घरत को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। घरत के साथ ही लिपिक ललित दशरथ आमरे (42) और भूषण बलिराम पाटिल (27) को भी गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई से समूचे महाराष्ट्र् में खलबली मच गई है। बताया जा रहा है कि सजंय घरत शुरू से ही विवादों में रहे हैं।