केआईवाईजी (निशानेबाजी) : अर्जुन चीमा ने निशानेबाजी में जीता स्वर्ण

चंडीगढ़, 14 जनवरी (आईएएनएस)- पुणे में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स (केआईवाईजी)-2019 के छठे दिन सोमवार को पंजाब ने एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीता। केआईवाईजी-2019 में पंजाब ने अब तक 16 स्वर्ण, 13 रजत और 18 कांस्य पदकों सहित कुल 47 पदक जीते हैं।

पंजाब के खेल दल की प्रमुख और खेल विभाग की डायरेक्टर अमृत कौर गिल ने सोमवार को जीते पदकों संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि अर्जुन चीमा ने अंडर-21 के एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

उन्होंने कहा कि अंडर-17 हॉकी में पंजाब के लड़कों की टीम ने रजत पदक जीता। फाइनल में पंजाब की टीम को हरियाणा से 0-1 से हार मिली।

राज कंवर सिंह संधू ने अंडर-17 के एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। गगनदीप चीमा ने वेटलिफटिंग के अंडर-17 के 102 किग्रा से अधिक भारवर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।