जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन, 7 की मौत, 12 घायल

जम्मू/ समाचार ऑनलाइन
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भूस्खलन की चपेट में आने से एक पुलिसकर्मी सहित सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 घायल हुए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजिन्दर कुमार गुप्ता ने बताया कि कुल्लीगाड में सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर पहाड़ी से नीचे गिरे पत्थर और मलबे की चपेट में एक मिनी बस और एक कार आ गई। इस घटना में सात लोगों की मौत हुई है और 12 अन्य घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, एक घायल की स्थिति नाजुक है और उसे जम्मू रेफर किया गया है। चार मृतकों की पहचान केवल कुमार, आकांक्षा देवी, अमर सिंह और मोहम्मद हुसैन के तौर पर हुई है। गुप्ता ने बताया कि दोनों वाहनों में सवार यात्रियों में से कुछ लोग अभी चल रही माचैल यात्रा में शामिल होने पद्दार घाटी जा रहे थे। जिला विकास आयुक्त अंग्रेज सिंह राणा ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए के अनुग्रह राशि का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि मानदंड के मुताबिक घायलों को सहायता दी जाएगी।