लेट-लतीफ 340 मनपा कर्मियों पर कार्रवाई हुई

पुणे : समाचार ऑनलाईन – पुणे मनपा के लेट-लतीफ कर्मचारियों पर लगातार दूसरे दिन भी कार्रवाई की गई। सुबह दस बजे मनपा भवन के सभी गेट बंद कराए गए थे। बाद में लेट-लतीफ अधिकारी-कर्मियों के अटेंडेंस शीट पर लेटमार्क लगाकर उन्हें अंदर लिया गया।

मनपा की मुख्य बिल्डिंग में हर रोज सैकड़ों नागरिक किसी न किसी काम से आते हैं मगर संबंधित विभाग के अधिकारी या कर्मचारी मिलेंगे या नहीं इसकी गारंटी नहीं होती है। कई बार कार्यालयीन समय में बाहर जाने, देरी से आने या जल्द बाहर जाने से नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। देर से आने वाले कर्मचारियों की संख्या ज्यादा होने की जानकारी मिलने पर सोमवार को लेट-लतीफ कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई थी। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी यह कार्रवाई की गई। देर से आने वाले सभी अधिकारी और कर्मचारियों का पूरा नाम और विभाग का नाम लिखा गया। इस सूची के अनुसार उनकी अटेंडेंस शीट पर लेट मार्क लगाया जाएगा।

सुरक्षा विभाग प्रमुख माधव जगताप ने बताया कि हर रोज सुबह दस बजे गेट बंद रखे जाएंगे। जिससे कर्मचारियों को अनुशासित करने में मदद मिलेगी। सोमवार को करीब 215 कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई। मंगलवार को करीब 125 कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई। अतिरिक्त मनपा आयुक्त बिपिन शर्मा के आदेश से यह कार्रवाई की गई। अब बुधवार से देर से आने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को कार्यालय में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।