लातूर :कपूत ने जन्मदाता माता-पिता को नारियल पानी में दिया जहर

पिता की मौत, मां की हालत नाजुक

लातूर। पुणे समाचार ऑनलाइन

संपत्ति के बंटवारे के विवाद में एक कपूत द्वारा अपने ही जन्मदाताओं को ही नारियल पानी में जहर मिलाकर दिए जाने की घटना से खलबली मच गई है। बीती देर रात लातुर के मोरेनगर की इस घटना में पिता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया वहीं माता की हालत नाजुक बताई जा रही है। इस बारे में शिवाजीनगर पुलिस ने कपूत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, मोरेनगर निवासी साधुराम कोटंबे (72) अपनी पत्नी गयाबाई (65) के साथ घर के आंगन में बैठे थे। रात नौ बजे उनके पुत्र ज्ञानदीप (29) ने उन्हें नारियल पानी लाकर दिया। पानी कुछ कड़वा लगा मगर ज्ञानदीप ने नारियल पानी का स्वाद ऐसा ही होता है बताया। इस पर साधुराम ने पूरा पानी पी लिया जबकि गयाबाई ने दो घूंट पीकर वैसे ही रख दिया। कुछ ही देर में उनकी तबियत बिगड़ने लगी, इसके चलते उन्हें लातुर के सर्वोपचार अस्पताल में भर्ती कराया गया।

14 जून की रात आठ बजे उपचार के दौरान साधुराम की हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी गयाबाई ने पुलिस को बताया कि, बेटे द्वारा नारियल पानी पीने के बाद से उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। इसमें पता चला कि ज्ञानदीप ने अपने माता- पिता से प्लॉट, घर व अन्य संपत्ति के बंटवारे की मांग की थी। इसको लेकर वह लगातार उनसे तकाजा कर रहा था। इसी विवाद के चलते उसने उन्हें नारियल पानी में जहर मिलाकर दे दिया। इसमें साधुराम की मौत हो गई।