सियाचिन में बर्फ में गिरकर घायल हुए लातूर के सपूत का निधन

लातूर | समाचार ऑनलाइन – सियाचिन में तैनाती के दौरान बर्फ में गिरकर घायल होने वाले लान्स नायक रोहित उत्तम शिंगाडे (29) का आज इलाज के दौरान निधन हो गया। रोहित लातूर जिले के जलकोट निवासी थे और 2007 में सेवन महार रेजिमेंट में शामिल हुए थे।

जानकारी के अनुसार, सियाचिन के पहाड़ी इलाके में रोहित की पोस्टिंग हुई थी। ड्यूटी के दौरान अचानक मुंह के बल बर्फ में गिरने से वह घायल हो गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद भी जब उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो उन्हें 10 नवंबर को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां यह बात सामने आई कि उनके सिर की नस टूट गई है। डॉक्टरों ने रोहित का ऑपरेशन भी किया, लेकिन आज सुबह चार बजे के आसपास उनका निधन हो गया।

जलकोट तालुका में एक सप्ताह के भीतर दो जवानों के यूँ चले जाने से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। रोहित अपने पीछे पत्नी, एक बच्चा, पिता, 6 बहनें और दो भाइयों को छोड़ गए हैं। रोहित के पार्थिव शरीर को विमान द्वारा दिल्ली से हैदराबाद लाया गया है। 15 नवंबर को उनका पार्थिव शरीर जलकोट पहुंचेगा।