महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव : भाजपा ने जारी की 125 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, कोथरुड से चंद्रकांत पाटील को मिला टिकट

मुंबई : समाचार ऑनलाइन – महाराष्ट्र विधानसभा के लिए भाजपा ने आज 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। खास बात ये है कि इस सूची में कई दिग्गजों के नाम भी शामिल हैं। प्रदेश अध्यक्ष और महसूल मंत्री चंद्रकांत पाटील कोथरुड से उम्मीदवार होंगे। राज्य में 21 अक्तूबर को मतदान होगा। बता दें कि महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। बीजेपी के सामने फिर से राज्य में सरकार बनाने की चुनौती होगी। यही वजह है कि प्रत्याशियों के चयन पर कई दिनों से मंथन चला। रविवार को भी दिल्ली में बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की अगुवाई में चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा हुई। कई घंटों तक हर सीट के प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा की गई। राज्य में नामांकन करने की अंतिम तारीख 4 अक्टूबर है। इसके अलावा शिवसेना और बीजेपी गठबंधन पर भी आखिरी फैसला लिया गया। बैठक के बाद ही भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। दिल्ली में हुए इस बैठक में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील समेत राज्य के कई बड़े नेता शामिल थे।