नागपुर में निकर पहनकर झूठा भाषण देना राष्ट्रवाद नहीं : सचिन पायलट

जयपुर –

केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ रविवार को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस का हल्ला बोल रहा। किसानों के समर्थन और कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस की ओर से आयोजित धरने में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट सहित 85 विधायक जुटे। धरने में सरकार को समर्थन दे रहे कई निर्दलीय विधायक भी नजर आए। धरने में पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने केंद्र सरकार और आरएसएस पर जमकर हमला बोला।

पायलट ने कहा कि यह जो निकर पहनकर नागपुर से भाषण करते है वो राष्ट्रवाद नहीं है। किसान के साथ खड़ा होना ही सच्चा राष्ट्रवाद है। पायलट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी से कई बड़े किसान नेता निकले है। लेकिन, भाजपा से किसान नेता कभी नहीं हो सकता है। ना कभी हुआ है। हां, ये लोग किसानों के हितैषी बनकर वोट जरूर ले सकते है। केंद्र में नरेंद्र मोदी की यह अहंकारी सरकार जिद्दी है। लेकिन, आज ये किसान भी जिद्दी है। कई महीनों बाद प्रदेश कांग्रेस के इस धरने में पायलट के इस बयान को सियासी मायनों में काफी अहम माना जा रहा है।

सचिन पायलट ने भाषण में कहा कि आज किसान आंदोलन के साथ भयभीत भी है। वह चिंता करता है कि बच्चों का पालन कैसे होगा। केंद्र के नेताओं की कई दौर की वार्ता हो रही है कि लेकिन हल नहीं निकल नहीं रहा है। केंद्र की मोदी सरकार को इस पर पुनर्विचार कर वापस लेना चाहिए। इधर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत करीब 22 मिनट के भाषण में राजस्थान में कांग्रेस के घमासान पर एक शब्द भी नहीं कहा। उनका पूरा निशाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर रहा। उनके भाषण में केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकारों को गिराने की साजिश रचने के आरोप में भी महाराष्ट्र का उदाहरण ही नजर आया।