पोल खुली तो मंगेतर बन बैठी जालिम, तंग आकर युवक ने दी जान

पुणे समाचार
एक युवक को उसकी मंगेतर ने इस कदर परेशान किया कि उसने अपनी जान दे दी। नागपुर पुलिस ने आरोपी युवती और उसकी सहेली के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शुरुआती तौर पर यह बात सामने आई थी कि उक्त युवक ने अपनी मंगेतर और उसके बायफ्रेंड अश्लील वीडियो देख लिया था, जिसके चलते उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। लेकिन जब मृतक का सुसाइड नोट हाथ लगा तो पता चला कि मंगेतर ने अपनी सहेली के साथ मिलकर युवक को परेशान कर रखा था, जिसके चलते उसने जान दी।

देख लिया वीडियो
पुलिस के अनुसार वणी (यवतमाल) के चिखलगांव निवासी चेतन पोटदुखे रिजर्व बैंक में नौकरी करता था और फ़िलहाल बैंक की कॉलोनी में रह रहा था। एक रिश्तेदार के माध्यम से उसके लिए पायल आकरे (26) का रिश्ता आया। चेतन और पायल की 30 अप्रैल को सगाई हुई थी और 2 जुलाई को शादी होनी थी। घटना से कुछ दिन पहले पायल चेतन के घर आई थी और इस दौरान चेतन ने उसके मोबाइल पर वह आपतिजनक वीडियो देख लिया। जब चेतन ने इस बारे में पायल से पूछताछ की तो वह भड़क गई और दोनों के बीच काफी झगड़ा हुआ, इसके बाद चेतन ने सगाई तोड़ दी।

6 पन्नों का सुसाइड नोट
सगाई टूटने की वजह के बारे में दोनों परिवार को पता चल गया था, जिसे लेकर पायल चेतन से काफी नाराज़ थी। चेतन से बदला लेने के लिए उसने अपनी पुणे निवासी सहेली की मदद ली। वह बार-बार उसे झूठे आरोपों में फंसाने की धमकी देने लगी। इससे रंग आकर चेतन ने आत्महत्या कर ली। चेतन ने आत्महत्या करने से पहले 6 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने पायल के बारे में सब बताया था। चेतन के पिता संजयराव पोटदुखे ने इस आधार पर बजाजनगर थाने में पायल और उसकी सहेली के खिलाफ केस दर्ज कराया है।