इंफाल
मणिपुर के इंफाल में हुए आईईडी ब्लास्ट में दो जवान शहीद हो गए हैं। ये धमाका बार्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) के सेक्टर्स हेडक्वाटर्स में हुआ। शहीद जवानों की पहचान कांस्टेबल संजय टिर्की और कांस्टेबल एनएन तीतेई के रूप में हुई है। हादसे में एक महिला भी गंभीर रूप से जख्मी हुई है। बीएसएफ का सेक्टर हेडक्वाटर इंफाल-दीमापुर रोड पर स्थित है। हेडक्वाटर के दक्षिण-पूर्वी कोने की दीवार से सटा हुआ एक वैराइटी स्टोर है। यह वैराइटी स्टोर इचन मीतेई नामक कंपनी का है। बुधवार दोपहर करीब 1.33 बजे अचानक इस वैराइटी स्टोर में एक जोरदार धमाका हुआ। जांच में पता चला है कि धमाका आईईडी ब्लास्ट से किया गया था।
महिला की हालत नाज़ुक
बीएसएफ के अधिकारी के अनुसार हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हुए दोनों जवानों सहित महिला को हेडक्वाटर पर मौजूद जवानों ने तत्काल इंफाल के आरआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों जवानों के घुटनों के नीचे का हिस्सा बुरी तरह क्षतविक्षित हो चुका था। इलाज के दौरान दोनों की मृत्यु हो गई। जबकि जख्मी महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।
24 घंटे के भीतर दूसरा हमला
मणिपुर में 24 घंटे के भीतर आतंकियों ने दूसरी बार सुरक्षा बलों को अपना निशाना बनाया है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार हुए ब्लास्ट में असम राइफल्स का एक जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। इस जवान की पहचान एन प्रेम सिंह के रूप में हुई थी। सुरक्षा बल से जुड़े सूत्रों के अनुसार अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि यह हादसा किस आतंकी संगठन द्वारा कराया गया है। अभी तक किसी भी आतंकी संगठन ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।