प्रधानमंत्री के बाद नक्सलियों ने दी महाराष्ट्र के इस सुपर पावर नेता को जान से मारने की धमकी

पुणे। पुणे समाचार ऑनलाइन

नक्सलियों द्वारा स्व. प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जान से मारने की साजिश रचे जाने का खुलासा होने के दूसरे ही दिन महाराष्ट्र के एक और सुपर पॉवर नेता को जान से मारने की धमकी दिए जाने की चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। यह सुपर पॉवर नेता कोई और नहीं बल्कि सूबे के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हैं, जिन्हें परिवार समेत जान से मारने की धमकी देने वाले दो खत मिले हैं।

मंत्रालय में भेजे गए इन गुमनाम खतों में ‘तुम हमारे लोगों को जरूर मार सकते हो मगर हमारे विचारों को नहीं मार सकते’ यह उल्लेख कर मुख्यमंत्री और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। ‘हम मार्क्स विचारों को माननेवाले हैं। हमारे लोगों को जान से मारने वाले पुलिस अधिकारियों को भी नहीं छोड़ेंगे।’ ऐसा इन खतों में कहा गया है। इन्हें गम्भीरता से लेकर मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। वहीं सावधानी के तौर पर राज्य में सुरक्षा यंत्रणा को अलर्ट जारी कर दिया गया है।

इन खतों का सीधा कनेक्शन बीते कुछ दिनों से लगातार जारी नक्सल विरोधी गतिविधियों से जोडा जा रहा है। कुछ दिनों से नक्सल विरोधी मुहिम में कई नक्सलियों को मार गिराया गया है। इससे नक्सली आंदोलन के नेता आक्रामक हो गए हैं, ऐसा माना जा रहा है। भीमा कोरेगांव हिंसा की पृष्ठभूमि पर नक्सली विचारों के नेताओं की गिरफ्तारी के दौरान माओवादी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्व. राजीव गांधी की तरह हत्या की साजिश रचने में जुटे रहने की जानकारी सामने आई है। रोमा विल्सन को दिल्ली से गिरफ्तार करने के साथ उनके घर की तलाशी के दौरान ऐसा खत पुलिस को मिला है। सरकारी वकील ने पुणे की अदालत में उन्हें पेश करने के दौरान इसकी जानकारी दी है। प्रधानमंत्री के बाद राज्य के मुख्यमंत्री भी नक्सलियों की रडार पर रहने की जानकारी सामने आने से खलबली मच गई है।