मराठा क्रांति मोर्चा के कार्यकर्ताओं की धरपकड़ शुरू

पिंपरी | समाचार ऑनलाइन

पंढरपुर में आषाढ़ी एकादशी की सरकारी पूजा रद्द होने के बाद मराठा क्रांति मोर्चा ने पिंपरी चिंचवड़ में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की धज्जियां उड़ाने की चेतावनी दी है। इस पृष्ठभूमि पर पुणे पुलिस ने चिंचवड़गांव में सुरक्षा के चाक चौबंद प्रबंध किए हैं। सोमवार की सुबह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आगमन से पूर्व पुलिस ने अब तक मराठा क्रान्ति मोर्चा के 10 से 12 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। ये सभी मुख्यमंत्री के समारोह के दौरान आंदोलन की तैयारियों में थे, ऐसा बताया जा रहा है।

चिंचवड़गांव में क्रांतिवीर चापेकर राष्ट्रीय संग्रहालय के भूमिपूजन कार्यक्रम मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों संपन्न होना है। मराठा क्रांति मोर्चा द्वारा दी गई चेतावनी के मद्देनजर पुलिस ने यहाँ सुरक्षा के चाक चौबंद व्यवस्था की है। पूरे चिंचवड़गांव को छावनी का रूप प्राप्त हो गया है। पुणे पुलिस के आला अधिकारी सुबह से ही यहां पहुंच कर हर गतिविधि पर नजर बनाए रखे हुए हैं। इस समारोह में कोई बाधा न पहुंचे इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले ही समारोह स्थल पर दाखिल होने की कोशिश में रहे मराठा क्रांति मोर्चा के 10 से 12 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।

ज्ञात हो कि मराठा क्रांति मोर्चा ने आरक्षण व अन्य मांगों को लेकर आक्रामक रुख अपना कर मुख्यमंत्री को पंढरपुर में सरकारी पूजा न करने देने की चेतावनी दी थी। इसके चलते मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पूजा में शामिल न होने की घोषणा की। सोमवार की सुबह उन्होंने सपत्नीक अपने ‘वर्षा’ निवास स्थान पर ही आषाढ़ी एकादशी पर भगवान विट्ठल रुक्मिणी की पूजा आराधना की। मराठा मोर्चा ने आज के चिंचवड़ के कार्यक्रम में हंगामा मचाने की चेतावनी दी है। इस पृष्ठभूमि पर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बना रखी है। यहां आने-जानेवाले हर शख्श पर नजर रखी जा रही है, पूछताछ, तलाशी और पूरी तसल्ली के बाद ही समारोह स्थल पर प्रवेश करने दिया जा रहा है। दो पुलिस उपायुक्त, तीन सहायक आयुक्त, 20 निरीक्षक, 37 सहायक निरीक्षक व उपनिरीक्षक, 500 कर्मचारियों की तैनाती के अलावा पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल मंगाया गया है।

जाहिरात