मिशन 2019:  भाजपा ने नियुक्त किये 17 राज्यों के प्रभारी

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन- भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए 17 राज्यों में प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। चंडीगढ़ में प्रभारी और सह-प्रभारी की नियुक्ति भी की गई है। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तर प्रदेश पर सबसे ज्यादा ध्यान देते हुए वहां सबसे ज्यादा तीन प्रभारी बनाए हैं। राज्य में लोकसभा चुनाव के लिए गोवर्धन झड़ापिया, दुष्यंत गौतम और नरोत्तम मिश्रा को उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि राजस्थान, आंध्र प्रदेश और मध्य प्रदेश के लिए दो-दो प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।

आंध्र प्रदेश में श्री वी मुरलीधरन और सुनील देवधर को प्रभारी नियुक्त किया गया है तो वहीं मध्यप्रदेश के लिए स्वतंत्रदेव सिंह और सतीश उपाध्याय को यह जिम्मेदारी दी गई है जबकि राजस्थान में भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को प्रभारी बनाया गया है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता नलिन कोहली को दो राज्यों का प्रभारी बनाया गया है। उन्हें पूर्वोत्तर के नागालैंड और मणिपुर दोनों राज्यों के लिए प्रभारी नियुक्त किया गया है जबकि कोहली के अलावा हरियाणा के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु को भी दो जगह से प्रभारी बनाया गया है। उन्हें चंडीगढ़ और पंजाब की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा गुजरात से ओम प्रकाश माथुर, असम से महेंद्रनाथ, छत्तीसगढ़ से अनिल जैन, बिहार से भूपेंद्र यादव, हिमाचल प्रदेश से तीरथ सिंह रावत, झारखंड से मंगल पांडेय,ओडिशा से अरुण सिंह, सिक्किम से नितिन नवीन, तेलंगाना से अरविंद लिम्बावली, उत्तराखंड से थावरचंद गहलोत को प्रभारी बनाया गया है।