बकाए वेतन के लिए डेरी फार्म कर्मचारियों का आंदोलन

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन –  दो माह के बकाए वेतन के लिए पिंपरी स्थित मिलिट्री डेरी फार्म में ठेकेदारी पर काम करनेवाले कर्मचारियों ने बुधवार को काम बंद आंदोलन किया। इसमें 150 से भी ज्यादा कमर्चारी शामिल हुए, जिससे डेरी फार्म के रोजमर्रा के कामकाज पर विपरीत असर पड़ा। डेरी फार्म के प्रशासन ने बैंकों में लगातार छुट्टियों और वरिष्ठ स्तर से ठेकेदार का बिल न मिलने से वेतन मिलने में देरी होने की बात स्वीकारी है। देर शाम तक सभी कर्मचारियों को वेतन दिया गया और यह आंदोलन वापस लिया गया।
मिलिट्री डेरी फार्म की पिंपरी इकाई में ठेकेदारी पर 150 से ज्यादा कर्मचारी कार्यरत हैं। उन्हें गत दो माह से वेतन नहीं मिला है जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें रोजाना नए- नए आश्वासन और नई- नई तारीख दी जा रही है। मगर आश्वासन पूरा नहीं होने से उनकी नाराजगी बढ़ चली है। आज उनका आक्रोश भड़का और दोपहर से कर्मचारियों ने काम बंद आंदोलन शुरू किया। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित ठेकेदार द्वारा डेरी फार्म में कितने कर्मचारी काम करते हैं, उनके कामकाज का स्वरूप क्या है? इसकी सही रिपोर्ट समय पर नहीं दी जिसके चलते ये हालात पैदा हुए।
डेरी फार्म प्रशासन ने आज वेतन देने की बात कहकर काम शुरू करने को कहा मगर वेतन मिलने तक काम शुरू न करने की भूमिका कर्मचारियों ने अपनाई। संबंधित ठेकेदार ने यहां- वहां से जुगाड़ कर कर्मचारियों के वेतन का प्रबन्ध किया और दोपहर के बाद वेतन बांटा गया। हालांकि इसके बावजूद दोनों पक्षों में मामूली बात पर विवाद हो गया। इस मामूली नोंकझोंक के बाद शाम तक कर्मचारियों ने अपना आंदोलन वापस लिया। डेरी फार्म के प्रशासन ने इस मसले पर प्रतिक्रिया देते हुए बताह कि, इस माह बैंकों में लगातार छुट्टियों और वरिष्ठ स्तर से ठेकेदार का बिल न मिलने से वेतन मिलने में देरी हुई है।