सांसद बारणे सांस्कृतिक व पर्यटन मंत्रालय के सलाहकार नियुक्त

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – केंद्र सरकार की सांस्कृतिक व पर्यटन मंत्रालय की सलाहकार समिति में मावल लोकसभा चुनाव क्षेत्र से शिवसेना के सांसद श्रीरंग बारणे की बतौर सलाहकार नियुक्ति की गई है। इस समिति में लोकसभा के 20 और राज्यसभा के छह कुल 27 सदस्य हैं, जिसके अध्यक्ष सांस्कृतिक व पर्यटन मंत्री प्रल्हाद पटेल हैं। पर्यटन और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहे मावल के पर्यटन विकास के लिहाज़ से सांसद बारणे की नियुक्ति काफी अहम मानी जा रही है।
मावल लोकसभा चुनाव क्षेत्र में कई ऐतिहासिक और पर्यटन स्थल है। इसमें लोनावला, खंडाला, माथेरान कार्ला, भाजे, एलीफंटा ऐतिहासिक गुफाओं के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज के ऐतिहासिक काल के तुंग, तिकोणा, राजमाची, लोहगड, विसापूर एवं पनवेल स्थित कर्नाला किलों का समावेश है। अब जब यहां के स्थानीय सांसद श्रीरंग बारणे को केंद्र सरकार के सांस्कृतिक व पर्यटन मंत्रालय की सलाहकार समिति में शामिल कर लिया गया है तब मावल लोकसभा चुनाव क्षेत्र में पर्यटन व ऐतिहासिक स्थलों के विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। क्योंकि यह समिति देशभर में पर्यटन एवं सांस्कृतिक परंपरा को बढ़ावा देने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण समिति है।